विराट कोहली ने धौनी को पछाड़ा लेकिन इस टेस्ट कप्तान से अब भी बहुत पीछे
विराट कोहली भारत की तरफ से सबसे ज्यादा टेस्ट मैच जीतने वाले कप्तान बन गए। उन्होंने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के 27 टेस्ट जीत के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।
नई दिल्ली, जेएनएन। टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में जीत हासिल कर इतिहास रचा। वह भारत की तरफ से सबसे ज्यादा टेस्ट मैच जीतने वाले कप्तान बन गए। उन्होंने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के 27 टेस्ट जीत के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।
विराट भले ही भारत के सबसे सफल कप्तान बन गए हों लेकिन विश्व कप क्रिकेट में अभी उनको बतौर कप्तान लंबा सफर तय करना है। सर्वकालिक सफल टेस्ट कप्तानों की बात करें तो विराट इस वक्त संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर है। बतौर कप्तान सबसे ज्यादा टेस्ट मैच जीतने का कारनामा साउथ अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ ने किया है।
विराट कोहली पांचवें नंबर पर
सबसे ज्यादा टेस्ट जीत साउथ अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ के नाम दर्ज है। उन्होंने कुल 109 टेस्ट में कप्तानी की जिसमें 53 मुकाबलों में जीत हासिल की। दूसरे नंबर पर पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग का नाम है। पोंटिंग ने 77 टेस्ट में कप्तानी करते हुए टीम के लिए 48 में जीत हासिल की थी।
वेस्टइंडीज के क्लाइव लॉयड ने 36 जबकि ऑस्ट्रेलिया पूर्व कप्तान ऐलन बॉर्डर ने 32 जीत दर्ज की है। न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग ने 28 टेस्ट मैच जीते थे। विराट कोहली ने भारत की तरफ से बतौर कप्तान 28वीं जीत हासिल की।
भारत के सबसे सफल कप्तान बनें कोहली
विराट कोहली ने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के 27 टेस्ट जीत के रिकॉर्ड को अपने नाम करते हुए 28वीं जीत हासिल की। सफल कप्तानों की लिस्ट में सौरव गांगुली का नाम तीसरे नंबर पर है। गांगुली ने 21 टेस्ट मैचों में जीत हासिल की थी।