विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 04, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

U19 सुपरस्टार शुभमन गिल की बेहतरीन पारी और प्वाइंट्स टेबल में तीसरे पायदान पर पहुंची KKR

By Ravindra Pratap SingEdited By:
Published: Fri, 04 May 2018 01:45 PM (IST)Updated: Fri, 04 May 2018 03:24 PM (IST)

चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ कोलकाता नाइटराइडर्स को जीत की दरकार थी और उनके युवा बल्लेबाज शुभमन गिल ने टीम के लिए बेहतरीन पारी खेलकर टीम को जीत का तोहफा दिया।

U19 सुपरस्टार शुभमन गिल की बेहतरीन पारी और प्वाइंट्स टेबल में तीसरे पायदान पर पहुंची KKR
U19 सुपरस्टार शुभमन गिल की बेहतरीन पारी और प्वाइंट्स टेबल में तीसरे पायदान पर पहुंची KKR

नई दिल्ली, जेएनएन। अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी से अंडर-19 विश्वकप में फैंस के दिलों में जगह बना लेने वाले शुभमन गिल ने आइपीएल में धमाल कर दिया है। आइपीएल 11 में उन्होंने अपने करियर का पहला अर्धशतक लगाकर कोलतकाता नाइटराइडर्स को कैप्टन कूल महेंद्र सिंह धौनी की चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ शानदार जीत दिलायी।

आपको बता दें कि इसी साल न्यूजीलैंड में खेले गए अंडर-19 विश्वकप से ही उन्होंने अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी से लोगों के दिल जीत लिए थे। इस विश्वकप में उनके शानदार प्रदर्शन के चलते केकेआर ने उन पर भरोसा कर उन्हें अपनी टीम में शामिल किया और शुभमन गिल ने केकेआर के भरोसे पर खरा उतरते हुए खुद को साबित किया गिल की इस मैच जिताऊ पारी के दम पर केकेआर को आइपीएल की प्वाइंट टेबल में तीसरे स्थान पर पहुंचा दिया।

IPL की खबरों के लिए यहां क्लिक करें 

गुरुवार को अपने घरेलू मैदान ईडन गार्डंस में चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ केकेआर ने इस युवा बल्लेबाज को चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजा। शुभमन गिल ने इस मौके का भरपूर फायदा उठाया और अर्धशतक लगाकर अपनी टीम की जीत के नायक बने।

एंकर की भूमिका में नजर आए गिल
कोलकाता को निर्धारित 20 ओवर में जीत के लिए 178 रन बनाने थे। जब कोलकाता इस मैच में 40 रन पर दो विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी, तब गिल बल्लेबाजी के लिए मैदान पर आए। क्रीज पर आते ही गिल ने क्लासिक स्टाइल में बल्लेबाजी शुरू की। उन्होंने पहले सुनील नरेन के साथ तीसरे विकेट के लिए 24 रन जोड़े, फिर रिंकू सिंह के साथ चौथे विकेट के लिए 33 रनों की साझेदारी की।

गिल को मिला कप्तान कार्तिक का साथ
इसके बाद गिल को कप्तान दिनेश कार्तिक का साथ मिला। इस समय कोलकाता को जीत के लिए 8.2 ओवर में 81 रन चाहिए थे। यहां कप्तान कार्तिक बहुत ही आक्रामक रुख में थे। कार्तिक ने गिल को खुलकर खेलने का मौका दिया। अपने बेहतरीन स्ट्रोक्स के दम पर गिल ने मात्र 32 गेंदों पर अर्धशतक बना डाला। आइपीएल में गिल की यह पहली हाफ सेंचुरी थी। विकेट की दूसरे तरफ से कप्तान कार्तिक ने चेन्नई के गेंदबाजों पर अपना कहर जारी रखते हुए 18 गेंदों पर 45 रन बना डाले। इस दौरान उन्होंने 7 चौके और 1 छक्का लगाया। गिल 36 गेंदों पर 57 रन बनाकर नाबाद रहे।

U-19 विश्वकप में टीम इंडिया के नायक थे गिल
इसके पहले शुभमन गिल की भारत की अंडर-19 टीम को को चौथी बार विश्वविजयी बनाने में अहम योगदान रहा। इस विश्वकप में गिल ने 372 रन बनाए। गिल इस टूर्नामेंट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। शुभमन ने पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए मैच में भारत की ओर से पहला शतक लगाया था। जब गिल को जिम्बाब्वे के खिलाफ ओपनिंग की जिम्मेदारी दी गई, तब भी उन्होंने अपने कप्तान और कोच को निराश नहीं किया और यहां भी उन्होंने 90 रन की बेहतरीन पारी खेली। शुभमन को इस टूर्नामेंट में 'मैन ऑफ द सीरीज' के खिताब से नवाजा गया था और इस दौरान वो भारतीय टीम के भी उपकप्तान थे।

बेहतरीन रन रेट के चलते तीसरे पायदान पर पहुंची केकेआर
एक बार फिर आइपीएल 11 की बात करें तो शुभमन गिल की इस बेहतरीन पारी की बदौलत कोलकाता ने यह मुकाबला 17.4 ओवर में ही 180 रन बनाकर जीत लिया। इस जीत के साथ ही बेहतरीन रनरेट के आधार पर कोलकाता नाइट राइडर्स को प्वाइंट्स टेबल में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।

क्रिकेट की खबरों के लिए यहां क्लिक करें

अन्य खेलों की खबरों के लिए यहां क्लिक करें