ऐसे खुली शुभमन गिल की किस्मत, सामने आई चयन के पीछे की पूरी कहानी
शुभमन गिल को भारत के न्यूज़ीलैंड दौरे के लिए टीम इंडिया में शामिल किया गया है। गिल को भारतीय टीम में लोकेश राहुल के स्थान पर चुना गया है, लेकिन उनके चयन के पीछे एक कहानी है।
नई दिल्ली, [जागरण स्पेशल]। भारत के न्यूज़़ीलैंड दौरे के लिए शुभमन गिल को टीम इंडिया में शामिल किया गया है। पंजाब के इस युवा ओपनर को घरेलू टूर्नामेंट्स में लगातार किए जा रहे शानदार प्रदर्शन का इनाम मिल गया है। गिल ने अंडर-19 विश्व कप, भारत ए टीम और रणजी ट्रॉफी में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए टीम इंडिया में जगह बनाने तक का सफर तय किया है, लेकिन ये खिलाड़ी किस्मत का भी धनी रहा है। चलिए आपको बताते हैं शुभमन के चयन की पूरी कहानी-
ये है चयन के पीछे की पूरी कहानी
शुभमन गिल को भारतीय टीम में लोकेश राहुल के स्थान पर चुना गया है। लोकेश राहुल और हार्दिक पांड्या ने एक टीवी शो 'कॉफी विद करन' में महिलाओं को लेकर विवादास्पद बयान देते हुए उन पर अनुचित टिप्पणी की थी, जिसके बाद उन्हें मामले की जांच जारी रहने तक निलंबित कर दिया गया था। इस वजह से भारतीय टीम में एक ओपनर की जगह बनी। इस जगह को भरने के लिए भारत के पास पृथ्वी शॉ और मयंक अग्रवाल जैसे ओपनर मौजूद थे। पृथ्वी शॉ ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज़ खेलने गए थे, लेकिन वो पहले टेस्ट मैच से पहले ही चोटिल होकर भारत लौट आए और वो अभी भी चोट से उबर रहे हैं। ऐसे में ये मौका मयंक अग्रवाल को मिलना चाहिए था, लेकिन टेस्ट सीरीज़ में डेब्यू करने वाले मयंक भी चोटिल हैं। उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई सीरीज़ के दौरान हल्की चोट लग गई थी। इसी वजह से उन्हें न्यूज़ीलैंड के खिलाफ दौरे के लिए नहीं चुना गया। इसी वजह से शुभमन गिल को टीम इंडिया में पहली बार जगह बनाने का मौका मिला।
किस्मत के साथ प्रदर्शन भी है दमदार
19 वर्षीय शुभमन गिल को पहली बार टीम इंडिया में शामिल किया गया है। गिल ने धमाकेदार प्रदर्शन कर हाल ही में रणजी ट्रॉफी में 10 पारियों में 98.75 की औसत से 790 रन बनाए है। इसमें उन्होंने 2 शतक और 5 फिफ्टी लगाई थी। इससे पहले गिल न्यूजीलैंड के दौरे पर गई भारत ए टीम के सदस्य थे। वे 2018 में भारत की अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य थे। इसी दौरान उन्हें कोलकाता नाइटराइडर्स ने अनुबंधित किया था।
गिल पिछले महीने न्यूजीलैंड का दौरा करने वाली भारत ए टीम का भी हिस्सा थे। शीर्ष क्रम का यह बल्लेबाज बेहतरीन फार्म में है और पंजाब के लिए रणजी ट्राफी में 98.75 की औसत से 790 रन बना चुका है। पिछले साल न्यूजीलैंड में अंडर 19 विश्व कप में भारत की खिताबी जीत के दौरान गिल को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया था।
गिल अभी तक 36 लिस्ट ए मैचों में 47.78 की औसत से 1529 रन बना चुके हैं। उन्होंने इसमें 4 शतक और 7 फिफ्टी लगाई हैं। उन्होंने नवंबर 2017 में बंगाल के खिलाफ रणजी ट्रॉफी डेब्यू किया। वे 9 रणजी मैचों में 77.78 की औसत से 1089 रन बना चुके हैं। वे 3 शतक और 7 अर्धशतक लगा चुके हैं।
तिहरा शतक भी लगा चुके हैं गिल
2014 में शुभमन ने पंजाब इंटर डिस्ट्रिक्ट अंडर-16 टूर्नामेंट में 351 रन की बड़ी पारी खेली थी। इसके साथ ही उन्होंने निर्मल सिंह के साथ मिलकर 587 रन की रिकॉर्ड ओपनिंग साझेदारी भी की थी। पंजाब के लिए अंडर-16 के अपने डेब्यू मैच में ही उन्होंने विजय मर्चेंट ट्रॉफी में दोहरा शतक जड़ दिया था।