सहवाग ने ODI में भारत के लिए न्यूजीलैंड में लगाए हैं सबसे ज्यादा शतक, विराट के नाम एक सेंचुरी
Ind vs NZ न्यूजीलैंड में भारत के लिए वनडे में सबसे ज्यादा शतक वीरेंद्र सहवाग ने लगाए हैं जबकि सबसे बड़ी पारी सचिन ने खेली थी।
नई दिल्ली, जेएनएन। Most ODI century in New Zealand for team India: भारतीय क्रिकेट टीम विराट कोहली (Virat Kohli) की अगुआई में न्यूजीलैंड का टी 20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में क्लीन स्वीप करने के बाद अब वनडे सीरीज के लिए तैयार है। इस वक्त टीम इंडिया कमाल की फॉर्म में है और उम्मीद है कि भारतीय टीम इस सीरीज में भी अच्छा प्रदर्शन करेगी। न्यूजीलैंड की धरती पर टीम इंडिया की तरफ से वनडे प्रारूप में छह बल्लेबाजों ने शतक लगाने में सफलता हासिल की है और इसमें सबसे अागे वीरेंद्र सहवाग है। विराट कोहली ने कीवी के खिलाफ न्यूजीलैंड की धरती पर वनडे क्रिकेट में अब तक सिर्फ एक शतक लगाया है।
न्यूजीलैंड में सहवाग ने वनडे में लगाए हैं सबसे ज्यादा शतक
न्यूजीलैंड की धरती पर भारत की तरफ से वनडे क्रिकेट में कुल 8 शतक लगे हैं और छह बल्लेबाजों ने ये कमाल किया है। इसमें से सबसे ज्यादा शतक वीरेंद्र सहवाग ने लगाया और उन्होंने तीन बार ये कमाल किया है। वहीं सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, सुरेश रैना, शिखर धवन और विराट कोहली ने एक-एक बार ये कमाल किया है। दुनिया में सबसे ज्यादा वनडे खेलने वाले और न्यूजीलैंड में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा वनडे मैच खेलने वाले सचिन ने वहां पर सिर्फ एक ही शतक वनडे में लगाया था। वहीं राहुल द्रविड़ ने न्यूजीलैंड की धरती पर भारत की तरफ से वनडे में सबसे पहला शतक साल 1999 में लगाया था। वहीं सचिन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की तरफ से कुल 42 वनडे खेले थे जिसमें से सिर्फ एक ही शतक कीवी धरती पर लगाया था।
भारत की तरफ से ODI में न्यूजीलैंड की धरती पर शतक लगाने वाले बल्लेबाज-
राहुल द्रविड़ - 123* (1999)
वीरेंद्र सहवाग - 108 (2002)
वीरेंद्र सहवाग- 112 (2003)
सचिन तेंदुलकर - 163* (2009)
वीरेंद्र सहवाग - 125* (2009)
विराट कोहली - 123 (2014)
शिखर धवन - 100 (2015)
सुरेश रैना - 110* (2015)
सचिन के नाम है सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर-
न्यूजीलैंड की धरती पर वनडे क्रिकेट में सबसे बेस्ट स्कोर बनाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम पर है। सचिन ने साल 2009 में वहां पर ना्बाद 163 रन की पारी खेली थी। इसके बाद से पिछले दस वर्ष में कोई भी भारतीय बल्लेबाज वहां वनडे में इससे बड़ा स्कोर नहीं बना पाया। भारतीय कप्तान विराट कोहली की बात करें तो उन्होंने वहां पर साल 2014 में 123 रन की पारी खेली थी। इसके बाद से विराट वहां पर कोई शतक नहीं लगा पाए हैं।