रोहित शर्मा ने एक टेस्ट सीरीज में ठोके हैं सबसे ज्यादा छक्के, हाल ही में बनाया था वर्ल्ड रिकॉर्ड
सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ पिछले साल एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था।
नई दिल्ली, जेएनएन। साल 2013 में टेस्ट क्रिकेट में शतक के साथ डेब्यू करने वाले दाएं हाथ के बल्लेबाज रोहित शर्मा कुछ दिन तक तो भारत की टेस्ट टीम में बने रहे, क्योंकि उन्होंने लगातार दो शतक ठोके थे। हालांकि, इसके बाद साल 2017 में उनके बल्ले से टेस्ट क्रिकेट में शतक निकला था, लेकिन इस बीच वे टीम से अंदर बाहर होते रहे थे। 2017 में टेस्ट करियर का तीसरा शतक ठोकने के बाद भी वे प्लेइंग इलेवन से अंदर-बाहर हो रहे थे।
यहां तक कि साल 2018 के बाद से उन्होंने एक भी टेस्ट मैच नहीं खेला था, क्योंकि वे मिडिल ऑर्डर में सफल नहीं हो पा रहे थे। ऐसे में रोहित शर्मा को उनकी पसंदीदा नंबर पर खेलने का मौका मिला और वे भारत की टेस्ट टीम के ओपनर बन गए। रोहित शर्मा ने पिछले साल साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपने टेस्ट करियर का दोबारा से आगाज किया। इस बार वे ओपनर के तौर पर खेले और पहले ही मैच की दोनों पारियों में दो शतक जड़ दिए।
3 मैचों की टेस्ट सीरीज में 2 शतक और एक दोहरा शतक ठोकने वाले रोहित शर्मा ने इसी टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी बनाया था। रोहित शर्मा ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ एक टेस्ट सीरीज में 19 छक्के जड़े थे, जो कि अब एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है। इस मामले में रोहित शर्मा ने वेस्टइंडीज के बल्लेबाज शिमरोन हेटमायर को पीछे छोड़ा था, जिन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ एक टेस्ट सीरीज में 15 छक्के ठोककर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था।
रोहित शर्मा और शिमरोन हेटमायर के बाद इस लिस्ट में वसीम राजा, एंड्रयू फ्लिंटॉफ, मैथ्यू हेडेन, केविन पीटरसन, शाहिद अफरीदी और भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह का भी नाम शामिल है, लेकिन इन सभी खिलाड़ियों ने टेस्ट सीरीज में 14-14 छक्के जड़े हैं। रोहित से पहले भारत के लिए एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का रिकॉर्ड हरभजन सिंह के ही नाम था। इतना ही नहीं एक टेस्ट मैच में रोहित शर्मा के नाम सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है।
एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी
19 छक्के - रोहित शर्मा बनाम साउथ अफ्रीका
15 छक्के - शिमरोन हेटमायर बनाम बांग्लादेश
14 छक्के - वसीम राजा बनाम वेस्टइंडीज
14 छक्के - एंड्रयू फ्लिंटॉफ बनाम साउथ अफ्रीका
14 छक्के - मैथ्यू हेडेन बनाम जिम्बाब्वे
14 छक्के - केविन पीटरसन बनाम ऑस्ट्रेलिया
14 छक्के - शाहिद अफरीदी बनाम भारत
14 छक्के - हरभजन सिंह बनाम न्यूजीलैंड