Move to Jagran APP

मुंबई इंडियंस के लिए रोहित शर्मा ने किया कमाल, टीम के लिए खेला 150वां IPL मैच

IPL 2020 मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने टीम के लिए एक कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। आइपीएल करियर में 150 या इससे ज्यादा मैच मुंबई इंडियंस के लिए खेलने वाले वे पहले भारतीय और टीम के दूसरे क्रिकेटर बन गए हैं।

By Vikash GaurEdited By: Published: Mon, 12 Oct 2020 07:58 AM (IST)Updated: Mon, 12 Oct 2020 07:58 AM (IST)
मुंबई इंडियंस के लिए रोहित शर्मा ने किया कमाल, टीम के लिए खेला 150वां IPL मैच
रोहित शर्मा ने मुंबई को चार बार चैंपियन बनाया है. (फाइल फोटो)

नई दिल्ली, जेएनएन। इंडियन प्रीमियर लीग यानी आइपीएल के इतिहास के सबसे सफल कप्तान और सबसे सफल खिलाड़ियों में से एक रोहित शर्मा रविवार को एक और कीर्तिमान मुंबई इंडियंस के लिए हासिल कर लिया। रोहित शर्मा मुंबई के लिए 150 आइपीएल मैच खेलने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए। हालांकि, वे मुंबई इंडियंस के 150 या इससे ज्यादा मैच खेलने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं। उनसे पहले किरोन पोलार्ड ने मुंबई इंडियंस के लिए ये कमाल किया हुआ है।

loksabha election banner

दरअसल, रोहित शर्मा ने अबू धाबी के शेख जाएद स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए मैच में जैसे ही मैदान पर कदम रखा तो वैसे ही यह मुकाम हासिल करने वाले दूसरे क्रिकेटर बन गए। रोहित शर्मा से पहले कैरेबियाई ऑलराउंडर किरोन पोलार्ड ने मुंबई इंडियंस के लिए 150 मैच खेले हैं। पोलार्ड ने भी इसी सीजन की शुरुआत में मुंबई इंडियंस के लिए यह आंकड़ा छुआ था। पोलार्ड मुंबई के लिए साल 2010 से खेल रहे हैं, जबकि रोहित एक साल बाद मुंबई से जुड़े थे।

गौरतलब है कि रोहित शर्मा ने अपने आइपीएल करियर की शुरुआत अब खत्म हो चुकी डेक्कन चार्जर्स से साल 2008 में की थी। अगले साल यानी 2009 में उस टीम के साथ रोहित शर्मा ने आइपीएल खिताब भी जीता था। बतौर गेंदबाज रोहित शर्मा हैदराबाद की उस टीम के लिए हैट्रिक भी ले चुके थे। वहीं, मुंबई के साथ वो 2011 में जुड़े और 2013 में उनको टीम का कप्तान नियुक्त किया। इसके बाद न सिर्फ रोहित शर्मा की, बल्कि मुंबई इंडियंस की भी किस्मत बदल गई।

2013 के मिड-सीजन में मुंबई इंडियंस की कप्तानी संभालने वाले रोहित शर्मा ने अब तक टीम को चार खिताब दिलाए हैं। मुंबई को उन्होंने उसी साल चैंपियन बनाया था, जो सचिन तेंदुलकर का आखिरी आइपीएल था। उसके अलावा मुंबई ने साल 2015, 2017, 2019 में आइपीएल ट्रॉफी उठाई। वहीं, 2020 के सीजन की बात करें तो टीम लय में नजर आ रही है और अपने पहले सात मैचों में 5 मुकाबले जीतकर अंकतालिका में शीर्ष पर किसी चैंपियन टीम की तरह विराजमान है।

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गया मैच रोहित शर्मा के आइपीएल करियर का कुल 195वां मैच था, जिसमें वे बतौर बल्लेबाज फेल रहे, लेकिन बतौर कप्तान टीम को जीत दिलाई। रोहित 5 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन टीम 5 विकेट से जीत गई। हिटमैन रोहित शर्मा के आइपीएल की करियर की बात करें तो वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज हैं। उन्होंने अब तक 5114 रन बनाए हैं। उनसे आगे विराट कोहली (5,635) और सुरेश रैना (5,368) हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.