विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 07, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

SL vs WI: श्रीलंकाई ओपनर ने वेस्‍टइंडीज के गेंदबाजों के उड़ाए परखच्‍चे, शतक जड़कर हासिल की बड़ी उपलब्धि

By Jagran NewsEdited By: Abhishek Nigam
Published: Fri, 07 Jul 2023 07:59 PM (IST)

Pathum Nissanka century against West Indies श्रीलंकाई ओपनर पाथुम निसांका ने आईसीसी वर्ल्‍ड कप 2023 के क्‍वालीफायर मैच में वेस्‍टइंडीज ...और पढ़ें

Pathum Nissanka hit century against West Indies: पाथुम निसांका
Pathum Nissanka hit century against West Indies: पाथुम निसांका

नई दिल्‍ली, स्‍पोर्ट्स डेस्‍क। श्रीलंका के ओपनर पाथुम निसांका (104) ने वेस्‍टइंडीज के खिलाफ शुक्रवार को आईसीसी वर्ल्‍ड कप 2023 क्‍वालीफायर के 29वें मैच में शतक जमाकर बड़ी उपलब्धि हासिल की। हरारे में खेले गए मुकाबले में श्रीलंका ने कैरेबियाई टीम को 34 गेंदें शेष रहते हुए 8 विकेट से मात दी।

श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। वेस्‍टइंडीज की टीम 43.1 ओवर में 243 रन पर ऑलआउट हुई। जवाब में श्रीलंका ने 44.2 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्‍य हासिल किया। श्रीलंका की मौजूदा टूर्नामेंट में यह लगातार पांचवीं जीत रही। दासुन शनाका के नेतृत्‍व वाली श्रीलंकाई टीम पहले ही वर्ल्‍ड कप 2023 में अपनी जगह पक्‍की कर चुकी है। नीदरलैंड्स वर्ल्‍ड कप 2023 में क्‍वालीफाई करने वाली दूसरी टीम बनी।

पाथुम निसांका की गजब की उपलब्धि

श्रीलंकाई ओपनर पाथुम निसांका ने कैरेबियाई गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए 106 गेंदों में 14 चौके की मदद से अपना शतक पूरा किया। यह निसांका के वनडे करियर का तीसरा शतक रहा। वैसे, उन्‍होंने 113 गेंदों में 14 चौके की मदद से 104 रन बनाए और दिमुथ करुणारत्‍ने (83) के साथ पहले विकेट के लिए 190 रन की साझेदारी की। पाथुम निसांका आठवें श्रीलंकाई बल्‍लेबाज बने, जिन्‍होंने लगातार दो वनडे शतक जमाए। इससे पहले उन्‍होंने जिंबाब्‍वे के खिलाफ नाबाद 101 रन की पारी खेली थी।

निसांका का वनडे में धमाका

पाथुम निसांका वनडे क्रिकेट की सबसे कम पारियों में तीन शतक जमाने वाले दूसरे श्रीलंकाई बल्‍लेबाज बने। निसांका ने अपने करियर की 33वीं पारी में तीसरा शतक जमाया। श्रीलंका की तरफ से सबसे कम पारियों में तीन शतक जमाने का रिकॉर्ड उपुल थरंगा के नाम दर्ज है। थरंगा ने केवल 21 पारियों में तीन सैकड़े जड़े थे। लाहिरू थिरिमाने इस लिस्‍ट में तीसरे स्‍थान पर काबिज हैं। थिरिमाने ने 47 पारियों में तीन वनडे शतक जड़े थे।