शमी ने पत्नी के आरोपों पर दी सफाई, जानिए एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर्स को लेकर क्या बोले?
पारिवारिक सूत्रों ने शमी और उनकी पत्नी के बीच किसी भी प्रकार के विवाद से इंकार किया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मुहम्मद शमी धर्मशाला में देवधर ट्रॉफी मुकाबला खेल रहे थे, लेकिन उन्होंने सोचा भी नहीं होगा कि जब वह मैदान से बाहर निकलेंगे तो उनकी निजी जिंदगी में भूचाल आ जाएगा। सोमवार रात से मंगलवार रात के बीच शमी की पत्नी हसीन जहां के कथित फेसबुक अकाउंट से शमी और कई लड़कियों के बीच की गई बातचीत के स्क्रीन शॉट डाले गए हैं।
अब ये सही है या नहीं, इसका राज नहीं खुल पाया है। मुहम्मद शमी इस बारे में बात नहीं कर रहे हैं जबकि उनकी पत्नी का फोन स्विच ऑफ आ रहा है। सोशल मीडिया के जानकार इसे हसीन जहां का ही अकाउंट बता रहे हैं लेकिन यह पता नहीं चल पाया है कि इसको हैक किया गया है या जो लिखा जा रहा है वह असल मामला है। इतना जरूर है कि शमी की निजी जिंदगी में बहुत बड़ा तूफान आ सकता है।
शायद शमी को भी मैदान पर मैच खेलते हुए इसकी भनक लग गई थी तभी तो उनका ध्यान क्रिकेट पर नहीं था। उन्होंने कर्नाटक के खिलाफ मुकाबले में इंडिया-ए की ओर से खेलते हुए 10 ओवर में 96 रन लुटाते हुए दो विकेट लिए।
शमी ने दी सफाई
इस घटना के सामने आने के बाद भारतीय टीम के तेज़ गेंदबाज़ मुहम्मद शमी ने इस पूरे मामले को उनके खिलाफ एक साजिश बताया है। शमी ने अपने ट्विटर हैंडल से एक ट्वीट करते हुए लिखा कि, मैं मोहम्मद शमी, उन्होंने लिखा कि ये जितनी भी खबरें मेरी निजी जिंदगी के बारे में चल रही है, वो सब सरासर झूट हैं। ये हमारे खिलाफ कोई बहुत बड़ी साजिश है और ये मुझे बदनाम करने और मेरा गेम खराब करने कि कोशिश है।
Hi
I'm Mohammad Shami.
Ye jitna bhi news hamara personal life ke bare may chal raha hai, ye sab sarasar jhut hai, ye koi bahut bada humare khilap sajish hai or ye mujhe Badnam karne or mera game kharab karne ka kosis ki ja rahi hai. — Mohammad Shami (@MdShami11) 7 मार्च 2018
अश्लील बातचीत के स्क्रीन शॉट शेयर किए
दरअसल, इस कथित अकाउंट से सोमवार की रात को सबसे पहला पोस्ट किया गया जिसमें एक लड़की की दो तस्वीरों को अपलोड करते हुए पूछा गया कि इस लड़की का नाम (..) है, यह नागपुर में रहती है, कोई इन्हें जानता है? इसके बाद शमी के मोबाइल की व्हाट्सएप चैट के स्क्रीन शॉट और इस लड़की की तीन तस्वीरें शेयर की गई। इसमें लिखा गया कि देख लो लड़कों के साथ कैसी बातें करती है यह नागपुर की लड़की। शर्म बेच दी है इतनी छोटी सी उम्र में।
मेरे सेलिब्रिटी पति भारतीय तेज गेंदबाज से कैसी बातें की गई हैं। इसके बाद इसी पोस्ट को मंगलवार को दो बार शेयर किया गया। यह सिलसिला यहीं नहीं रुका। फिर एक पाकिस्तानी लड़की की चार-पांच तस्वीरें और तीन-चार व्हाट्सएप चैट के स्क्रीन शॉट को अपलोड करते हुए लिखा गया यह (..) है।
पाकिस्तान के कराची शहर में रहती है। इसके बाद दोनों पोस्ट को करीब चार से पांच बार तक शेयर किया गया। वहीं फिर शमी की एक लड़की के साथ दो तस्वीरों को अपलोड करते हुए लिखा गया कि यह (..) है। जम्मू एंड कश्मीर के सांबा में रहती है। यह भी शमी की गर्लफ्रेंड है। आखिरी पोस्ट में फेसबुक मैसेंजर की चैट के छह स्क्रीन शॉट अपलोड करते हुए लिखा गया देखिए शमी की हरकत। यह मैसेंजर चैट 24 अक्टूबर 2016 में रात करीब 8.30 बजे की हैं।
परिवार ने किया इन्कार
पारिवारिक सूत्रों ने शमी और उनकी पत्नी के बीच किसी भी प्रकार के विवाद से इन्कार किया है। दोनों के बीच किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं है। यह सिर्फ बदनाम करने की साजिश है। शमी की पत्नी हसीन बंगाल की रहने वाली हैं और मॉडलिंग से जुड़ी रही हैं।