45 गेंद खेलकर भी अपना खाता नहीं खोल पाया ये बल्लेबाज और बना दिया बेहद शर्मनाक रिकॉर्ड
भारत के खिलाफ पहले टेस्ट की पहली पारी में 45 गेंद खेलकर भी ये खिलाड़ी खाता नहीं खोल पाया।
नई दिल्ली, जेएनएन। India vs West Indies: भारत के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के निचले क्रम के बल्लेबाज मिगुएल कमिंग (Miguel Cummins) ने एक बेहद शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। कमिंस ने इस मैच की पहली पारी में 45 गेंदों का सामना किया, लेकिन अपना खाता तक नहीं खोल पाए। उन्हें भारतीय गेंदबाज रवींद्र जडेजा ने बोल्ड किया। टेस्ट क्रिकेट में बिना एक भी रन बनाए लंबे समय तक क्रीज पर रहने के मामले में ये दूसरी सबसे बड़ी पारी रही जबकि बिना रन बनाए सबसे ज्यादा गेंद खेलने के मामले में ये पांचवीं सबसे बड़ी टेस्ट पारी रही। कमिंस अपनी पारी के दौरान पूरे एक घंटे 35 मिनट यानी 95 मिनट तक क्रीज पर टिक रहे।
बिना खाता खोले लंबे समय तक क्रीज पर टिके रहने का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के ज्यॉफ एलॉट के नाम पर है। वर्ष 1999 में ये खिलाड़ी साउथ अफ्रीका के खिलाफ 77 गेंदों का सामना किया और अपना खाता नहीं खोल पाया था। अपनी पारी के दौरान एलॉट 101 मिनट तक क्रीज पर रहे थे। वहीं इस मामले में तीसरे स्थान पर इंग्लैंड के जेम्स एंडरसन हैं। एंडरसन 2014 में श्रीलंका के खिलाफ 81 मिनट तक क्रीज पर रहे थे, लेकिन अपना खाता नहीं खोल पाए थे।
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा गेंदें खेलकर खाता नहीं खेलने के मामले में ज्यॉफ एलॉट पहले स्थान पर हैं। एलॉट 77 गेंद खेलकर भी खाता नहीं खोल पाए थे। इसके बाद दूसरे स्थान पर जेम्स एंडरसन हैं जिन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 55 गेंद खेलकर एक भी रन नहीं बना पाए थे। तीसरे नंबर पर इंग्लैंड के रिचर्ड एलिसन हैं जिन्होंने 1984 में भारत के खिलाफ 52 गेंद खेलकर अपना खाता नहीं खोल पाए थे। चौथे नंबर पर इंग्लैंड के ही पीचर सच हैं जिन्होंने 1999 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 51 गेंद खेले थे और शून्य रन बनाए थे। अब इस मामले में पांचवें नंबर पर कमिंस आ गए हैं।
कमिंस अब वेस्टइंडीज के पहले ऐसे बल्लेबाज बन गए हैं जिन्होंने टेस्ट में इतनी गेंदें खेलने के बाद भी खाता नहीं खोला। उन्होंने अपने ही देश के पूर्व क्रिकेटर के आर्थर्टन को पीछे छोड़ दिया जिन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 2002 में 40 गेंदें खेली थी और एक भी रन नहीं बना पाए थे। कमिंस ने बेशक इस पारी में एक भी रन नहीं बनाए, लेकिन उन्होंने अपने कप्तान होल्डर का अच्छा साथ निभाया और टीम के लिए नौवें विकेट के लिए 41 रन की साझेदारी निभाई।