अंडर19 क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने आइपीएल नीलामी की पिच पर भी दिखाया अपना दम
अंडर19 क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज कमलेश नागरकोटि को केकेआर ने खरीदा।
संजय सावर्ण, नई दिल्ली। भारतीय अंडर19 क्रिकेट टीम इस वक्त न्यूजीलैंड में अंडर19 विश्व कप में अपना दम दिखा रही है। क्वार्टर फाइनल तक अविजित रही भारतीय युवाओं की ये टीम आइपीएल नीलामी में भी अपना दम दिखाती नजर आई। इस टीम के कुछ खिलाड़ियों पर सबकी नजर थी और इन खिलाड़ियों को अच्छे दाम देकर आइपीएल फ्रेंचाइजियों ने खरीदा।
पृथ्वी शॉ-
भारतीय अंडर19 क्रिकेट टीम के कप्तान पृथ्वी शॉ ने अपनी बल्लेबाजी से सबको प्रभावित किया है। अंडर19 विश्व कप में भी अब तक उनकी बल्लेबाजी काफी अच्छी रही है। पृथ्वी को उनके प्रदर्शन का ईनाम मिला और उन्हें दिल्ली डेयरडेविल्स ने 1 करोड़ 20 लाख में खरीदा।
शुभमन गिल-
न्यूजीलैंड में चल रहे अंडर19 विश्व कप में इस वक्त शुभमन गिल का बल्ला जमकर चल रहा है। क्वार्टर फाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ उन्होंने कमाल की 86 रन की पारी खेली और टीम को सेमीफाइनल में पहुंचाया। इससे पहले भी लीग मुकाबलों में शुभमन ने खूब रन बनाए। उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्ड ने 2018 आइपीएल के लिए 1 करोड़ 80 लाख में खरीदा।
कमलेश नागरकोटि-
नागरकोटि अपनी तेज गेंदबाजी के जरिए इस वक्त खूब चर्चा में हैं। अंडर19 विश्व कप में खेल रहे नागरकोटि न्यूजीलैंड की पिच पर भारतीय टीम के लिए जमकर गेंदबाजी कर रहे हैं और विरोधी टीम के बल्लेबाजों की खासी क्लास लगा रहे हैं। नागरकोटि अपनी तेज गति से बल्लेबाजों को परेशान करते हैं और टीम के लिए शुरुआती विकेट बखूबी निकालते हैं। उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स ने 3 करोड़ 20 लाख में खरीदा।
शिवम मावी-
विश्व कप में भारतीय अंडर19 टीम के लिए खेल रहे 19 वर्ष के शिवम मावी अपनी टीम के लिए फास्ट ऑलराउंडर की भूमिका निभाते हैं। न्यूजीलैंड में शिवम भारतीय टीम के लिए तेज गेंदबाजी की शुरुआत करते हैं। अब तक विश्व कप में खेले गए चार मैचों में शिवम 8 विकेट ले चुके हैं। शिवम को मुंबई इंडियंस ने 3 करोड़ में खरीदा।
अनुकूल रॉय-
झारखंड के लेफ्ट ऑर्म स्पिनर अनुकूल रॉय की स्पिन गेंदबाजी का जलवा इन दिनों न्यूजीलैंड में दिख रहा है। इंडिया अंडर19 टीम के लिए अंडर19 विश्व कप खेल रहे अनुकूल को मुंबई इंडियंस ने उनके बेस प्राइस 20 लाख में खरीदा। उन्होंने इस विश्व कप में पापुआ न्यू गिनी के खिलाफ 14 रन पर 5 विकेट लेकर सनसनी फैला दी थी। अनुकूल ने विश्व कप के चार मैचों में अब तक 11 विकेट लिए हैं।
अभिषेक शर्मा-
इंडिया अंडर19 क्रिकेट टीम के स्पिनर अभिषेक शर्मा बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज तो हैं साथ ही साथ वो अच्छी बल्लेबाजी भी कर लेते हैं। पंजाब के इस खिलाड़ी का न्यूजीलैंड में अंडर19 विश्व कप में अब तक का प्रदर्शन प्रभावित करने वाला रहा है। बांग्लादेश के खिलाफ उन्होंने क्वार्टर फाइनल मैच में दो विकेट भी लिए साथ ही 50 रन की पारी भी खेली। अभिषेक को दिल्ली डेयरडेविल्स ने 55 लाख रुपए में खरीदा।