पहली बार नहीं हुई क्रिकेट और बॉलीवुड की पार्टनरशिप, जानें क्या है विरुष्का का नंबर
यह पहला मौका नहीं है जब क्रिकेट और बॉलीवुड स्टार ने एक-दूसरे के साथ जीवन की पारी शुरू की।
नई दिल्ली, [जागरण स्पेशल]। टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली और बॉलीवुड अदाकारा अनुष्का शर्मा इटली में शादी के बंधन में बंध गए। यह पहला मौका नहीं है जब क्रिकेट और बॉलीवुड स्टार ने एक-दूसरे के साथ जीवन की पारी शुरू की। इससे पहले भी कई क्रिकेटर और बॉलीवुड अभिनेत्रियों ने एक-दूसरे का दामन थामा है। यह सिलसिला करीब 48 साल पहले नवाब पटौदी और शर्मिला टैगोर ने शुरू किया था और अब विराट और अनुष्का ने इस परंपरा को आगे बढ़ाया। आइए जानते हैं कुछ ऐसी ही जोड़ियों के बारे में :
1. शर्मिला और टाइगर पटौदी
अपने जमाने की मशहूर अदाकारा शर्मिला टैगोर ने दिसंबर 1969 में टीम इंडिया के सबसे युवा कप्तान और स्टाइलिश बल्लेबाज नवाब मंसूर अली खान पटौदी से शादी रचाई थी। इन दोनों की शादी क्रिकेट और बॉलीवुड जगत के बीच की सबसे कामयाब शादी मानी जाती है। हालांकि, पटौदी का 2011 में निधन हो चुका है।
2. संगीता और अजहर
इस कड़ी में अगला नाम है संगीता बिजलानी और टीम इंडिया के पूर्व कप्तान अजहरुद्दीन का आता है। अजहर ने अपनी पहली पत्नी को तलाक देने के बाद 1996 में फिल्म अभिनेत्री संगीता से दूसरी शादी की। यह शादी 14 साल ही चल पाई और 2010 में दोनों अलग हो गए।
3. रीना रॉय और मोहसिन खान
अपने समय की सफल अभिनेत्री रीना रॉय ने पाकिस्तानी क्रिकेटर मोहसिन खान से शादी रचाई थी। शादी के लिए उन्होंने अपना करियर भी छोड़ दिया था, लेकिन शादी टूटने के बाद उन्होंने बॉलीवुड में दोबारा वापसी की।
4. नीना और विव रिचडर्स
क्रिकेट और बॉलीवुड के मिलन का सबसे विवादित जोड़ा रहा नीना गुप्ता और विवियन रिचडर्स का। दोनों के बीच संबंध रहे, लेकिन दोनों ने कभी शादी नहीं की। दोनों को एक बेटी भी हुई जिसका नाम मसाबा गुप्ता है। हालांकि, विव ने कई वर्षाें बाद इस बात को स्वीकार किया कि मसाबा उनकी बेटी हैं।
5. गीता और हरभजन
कई फिल्मों में काम कर चुकीं गीता बसरा और ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह शुरुआत में दोस्त थे। बाद में दोनों ने 29 अक्टूबर 2015 को शादी कर ली थी। पिछले साल 27 जुलाई को दोनों को हिनाया नाम की बेटी हुई।
6. हेजल और युवराज
इस कड़ी में अगला नाम हेजल कीच व युवराज सिंह का आता है। दोनों ने पिछले साल 30 नवंबर को चंडीगढ़ में शादी रचाई थी। हेजल फिल्म बॉडीगार्ड में नजर आई थीं।
7. सागारिका और जहीर
काफी समय से रिलेशन में रहने के बाद आखिरकार सागारिका घाटगे और टीम इंडिया के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान ने हाल ही में 23 नवंबर को कोर्ट मैरिज की थी। फिलहाल दोनों मालदीव में हनीमून मना रहे हैं।
8. विराट और अनुष्का
विराट और अनुष्का ने 11 दिसंबर 2017 को इटली में अपनी इस दोस्ती को एक नया नाम दे दिया और दोनों सात जन्मों के लिए शादी के बंधन में बंध गए।