शादी के बंधन में बंधने जा रहे विराट-अनुष्का के करियर में है ये 'खास' समानता
29 वर्षीय विराट कोहली अभी से क्रिकेट के महान खिलाड़ियों में गिने जाने लगे हैं। अनुष्का की गिनती भी चोटी की अभिनेत्रियों में होती है।
नई दिल्ली, [स्पेशल डेस्क]। देश के पावर कपल कहे जाने वाले क्रिकेटर विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा 15 दिसंबर को शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। दोनों अपने-अपने क्षेत्र के धुरंधर हैं, लिहाजा दो सितारों के इस मिलन से विरुष्का ब्रांड वैल्यू में इजाफा होना तय है। फिलहाल विराट की ब्रांड वैल्यू 390 करोड़ और अनुष्का की 220 करोड़ है। शादी के बाद दोनों की कुल संयुक्त संपत्ति (नेटवर्थ) 610 करोड़ होगी।
2008 में हुई दोनों के करियर की शुरुआत
अपने-अपने क्षेत्र में दोनों का ही करियर करीब 9 साल का हो चुका है। दोनों ने ही एक ही साल यानी 2008 में अपने करियर की शुरुआत की थी। विराट कोहली ने जहां 18 अगस्त 2008 को अपना पहला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच खेला, वहीं अनुष्का की पहली फिल्म 12 दिसंबर 2008 को रिलीज हुई थी।
29 वर्षीय विराट कोहली अभी से क्रिकेट के महान खिलाड़ियों में गिने जाने लगे हैं। उनका क्रिकेट करियर भी अभी करीब 9 साल का ही है, लेकिन उनकी उपलब्धियां चकित कर देती हैं। उन्होंने अपने करियर में तेजी से तरक्की की है और यह रफ्तार बदस्तूर जारी है।
IPL में 14 करोड़ रुपये कमाते हैं विराट
विराट कोहली बीसीसीआई में अव्वल दर्जे के खिलाड़ियों की श्रेणी में आते हैं। यानी हर अंतरराष्ट्रीय मैच जिसमें वे देश का प्रतिनिधित्व करते हैं, उसमें वे सबसे ज्यादा कमाते हैं। आइपीएल में वे सर्वाधिक कमाई करने वाले खिलाड़ी हैं। दो महीने के खेल के लिए उन्हें 14 करोड़ रुपये मिलते हैं।
इस साल फोर्ब्स की सर्वाधिक ब्रांड वैल्यू वाले खिलाड़ियों की सूची में विराट को सातवां स्थान मिला है। खास बात यह कि फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी लियोन मेसी उनसे दो पायदान पीछे रहे। उनके पास 42 करोड़ की संपत्ति है। 18 करोड़ निवेश किया है और कुल 9 करोड़ कीमत की छह लक्जरी गाड़ियां भी विराट के पास हैं।
अनुष्का ने शुरू किया अपना प्रोडक्शन हाउस
अनुष्का शर्मी की बात करें तो साल 2008 में शाहरुख खान के साथ फिल्म 'रब ने बना दी जोड़ी' से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की। साल 2014 में अनुष्का ने अपने भाई के साथ प्रोडक्शन हाउस लांच किया। इसके तहत बनी फिल्म 'एनएच 10' ने खूब लोकप्रियता बटोरी।
एक फिल्म का 5 करोड़ लेती हैं अनुष्का
अनुष्का प्रति फिल्म पांच करोड़ रुपये की फीस लेती हैं। विज्ञापन के लिए भी वह हर ब्रांड से चार करोड़ लेती हैं। उन्होंने 36 करोड़ रुपये निवेश किए हैं और उनके पास पांच करोड़ कीमत की चार लक्जरी गाड़ियां हैं। अगले तीन वर्षों में सालाना कमाई में 18 फीसद वृद्धि के साथ उनके नेटवर्थ में 30 फीसद वृद्धि होने की उम्मीद है।
यै होगा शादी का पूरा कार्यक्रम
इटली में 13 दिसंबर को संगीत का कार्यक्रम होगा। फिर 14 को हल्दी की रस्म निभाई जाएगी और 15 दिसंबर को शादी का मुख्य समारोह होगा।
इसलिए भी चर्चा में रहे
दोनों की शादी की चर्चाओं को बल तब मिला जब विराट ने श्रीलंका के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज से हटने का फैसला किया।
विवाह के लिए विराट सीरीज के बाकी मैचों से हट गए।
संबंधों को लेकर अनुष्का हमेशा चुप रहना पसंद करती हैं, जबकि विराट इस मामले में मुखर हैं।
29 नवंबर को वे तेज गेंदबाज रहे जहीर खान व सागरिका घाटगे के विवाह में नजर आए थे।
पिछले साल विराट व अनुष्का उत्तराखंड भी गए थे। अमिताभ बच्चन व अनिल अंबानी को भी उस दौरान वहां देखा गया था।