शादी के बाद टेस्ट मैच से पहले ही इस विवाद में घिरे कप्तान कोहली
विराट कोहली शादी के बाद पहली बार शुक्रवार को क्रिकेट के मैदान में उतरे हैं। लेकिन इससे पहले ही गुरुवार को एक विवाद ने उन्हें घेर लिया।
नई दिल्ली, [स्पेशल डेस्क]। विराट कोहली शादी के बाद पहली बार शुक्रवार को क्रिकेट के मैदान में उतरे। उनकी अगुवाई में दक्षिण अफ्रीका दौरे पर गई टीम इंडिया केपटाउन में पहला टेस्ट मैच खेल रही है। लेकिन इन टेस्ट मैच के शुरू होने से एक दिन पहले ही विराट कोहली के साथ के विवाद जुड़ गया। आइए जानते हैं क्या है यह विवाद और क्या विराट इस विवाद में पड़ने से बच सकते थे?
मैच से एक दिन पहले क्या हुआ?
पहले टेस्ट मैच से एक दिन पहले टीम प्रबंधन ने टीम इंडिया का वैकल्पिक अभ्यास रखा। वैकल्पिक अभ्यास में कोई खिलाड़ी न आना चाहे तो उसे इसकी छूट होती है। लेकिन इस वैकल्पिक अभ्यास से पूरी टीम नदारद रही। अब कयास लगाए जा रहे हैं कि टीम प्रबंधन ने जानबूझकर वैकल्पिक अभ्यास रखा, ताकि विराट के मैदान से दूर रहने पर कोई सवाल खड़े न हों। लेकिन मामला विराट कोहली का हो तो भी सवाल भी खड़े होते हैं और फर्क भी पड़ता है। लेकिन विवाद सिर्फ इतना ही नहीं है। मामला इससे भी आगे का है।
फिर क्या है मामला?
मैच की पूर्व संध्या पर दोनों टीमों के कप्तानों को मीडिया के सामने आना होता है। दोनों कप्तान प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हैं। लेकिन विराट कोहली इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी नहीं आए, जबकि दक्षिण अफ्रीकी कप्तान फाफ डू प्लेसिस ने यह प्रेस कॉन्फ्रेंस की। आइसीसी के टूर्नामेंट विश्व कप, टी20 विश्व कप और चैंपियंस ट्रॉफी में तो यह नियम पूरी तरह से लागू होता है। द्विपक्षीय सीरीज में भी ऐसा ही अक्सर होता आया है। हालांकि, द्विपक्षीय सीरीज को लेकर ऐसा कोई निर्धारित नियम नहीं है। फिर भी विराट कोहली के इस कदम को लेकर दक्षिण अफ्रीका में उनकी आलोचना हो रही है, खासतौर पर मीडिया में।
इन्होंने की प्रेस कॉन्फ्रेंस की
दक्षिण अफ्रीकी कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने अपनी टीम की ट्रेनिंग के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसके बाद मीडिया को भारतीय कप्तान विराट कोहली का इंतजार था। लेकिन वे नहीं आए। टीम इंडिया की तरफ से बल्लेबाजी कोच संजय बागड़ और मीडिया मैनेजर इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहुंचे। संजय बांगड़ को देखकर एक दक्षिण अफ्रीकी पत्रकार ने गुस्से में पूछा, कप्तान क्यों नहीं आए? मीडिया मैनेजर ने जवाब दिया बल्लेबाजी कोच तो आए हैं। इस पर दूसरे पत्रकार ने कहा- लेकिन सीरीज शुरू होने से पहले हम कप्तान के आने की उम्मीद कर रहे थे। इस पर मीडिया मैनेजर ने कहा कि यह टीम प्रबंधन का फैसला है। इसके बाद किसी भी दक्षिण अफ्रीकी पत्रकार ने बांगड़ से कोई सवाल नहीं पूछा।
तो कहां थे विराट?
ट्रेनिंग सेशन से गायब रहे, प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी नहीं आए तो फिर विराट थे कहां? विराट और अनुष्का की नई-नई शादी हुई है और कहा जाना चाहिए कि यह उनका हनीमून पीरियड चल रहा है। 11 दिसंबर 2017 को हुई उनकी शादी को अभी एक महीना भी पूरा नहीं हुआ है। शादी के बाद दोनों का यह पहला दौरा है। वैसे भी इस दौरे पर दोनों का यह आखिरी दिन था, क्योंकि शुक्रवार को मैच के दिन ही अनुष्का को वापस भारत आना है। ऐसे में विराट कोहली जैसे क्रिकेट के लिए समर्पित और इतिहास से सर्वोत्तम बल्लेबाजों में से एक माने जाने वाले इस खिलाड़ी को इतनी तो छूट मिलनी ही चाहिए।
शादी के बाद कर चुके हैं दो प्रेस कॉन्फ्रेंस
विराट कोहली को इस तरह के विवाद में घसीटना ठीक नहीं है। क्योंकि शादी के बाद मौजूदा दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए रवाना होने से पहले 27 दिसंबर को उन्होंने मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। यही नहीं दक्षिण अफ्रीका पहुंचने के बाद भी वह 30 दिसंबर को मीडिया से मुखातिब हुए थे।