अगर इंग्लैंड के खिलाफ चला कोहली का बल्ला तो स्मिथ को पछाड़ बन सकते हैं नंबर वन
स्मिथ अगर नंबर वन पर काबिज है तो विराट भी दूसरे स्थान पर बने हुए हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में अच्छा प्रदर्शन कर भारतीय कप्तान विराट कोहली ना केवल भारत को सीरीज जीता सकते हैं बल्कि अगर उनके बल्ले से रन निकले तो आइसीसी टेस्ट रैंकिंग में नंबर वन स्थान पर काबिज ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ को भी पछाड़ सकते हैं।
स्मिथ अगर नंबर वन पर काबिज है तो विराट भी दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। स्मिथ के इस समय 929 अंक है, जबकि विराट कोहली के 903, मतलब वह स्मिथ से 26 अंक पीछे हैं।
अब स्मिथ बॉल टेंपरिंग के कारण एक साल के लिए बैन है तो उम्मीद है कि विराट इस सीरीज में शानदार प्रदर्शन कर स्मिथ को पहले स्थान से बेदखल कर दे। वैसे भी कोहली और स्मिथ की बीच कड़ा मुकाबला हमेशा से ही देखने को मिलता है, चाहे वह मैदान के अंदर हो या बाहर।
वैसे इस लिस्ट में चेतेश्वर पुजारा भी अपनी स्थिति सुधार सकते हैं। वह अभी छठे स्थान पर है और वह डेविड वॉर्नर को पीछे छोड़ सकते हैं जो स्मिथ के साथ बॉल टेंपरिंग के कारण एक साल का प्रतिबंध झेल रहे हैं। सीरीज शुरू होने से पहले पुजारा के 799 अंक है और वॉर्नर के 820 अंक। अगर पुजारा वॉर्नर को पछाड़ देंगे तो वॉर्नर की जगह यानी 5वें स्थान पर पहुंच जाएंगे।
इन दोनों के अलावा केएल राहुल और अजिंक्य रहाणे भी टॉप 10 में जगह बनाने पर ध्यान देंगे। केएल राहुल 665 अंक के साथ 18वें और रहाणे 645 अंको से साथ 19वें स्थान पर काबिज है।
भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज का आगाज 1 अगस्त से होगा। इस सीरीज में 5 टेस्ट मैच खेले जाएंगे। भारत ने इंग्लैंड में आखिरी बार टेस्ट सीरीज साल 2007 में जीती थी। इसके बाद साल 2011 में और 2014 में उसे बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा था। दोनों वक्त महेंद्र सिंह धोनी टीम के कप्तान थे।
क्रिकेट की खबरों के लिए यहां क्लिक करें