अब इसलिए युवराज सिंह और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज के क्लब में शामिल हुए सुरेश रैना
रैना ने अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में छक्कों का अर्धशतक पूरा किया।
नई दिल्ली, जेएनएन। भारतीय टी20 टीम में एक वर्ष के बाद अपनी वापसी करने वाले धुरंधर बल्लेबाज सुरेश रैना ने बांग्लादेश के खिलाफ हुए मैच के दौरान अंतरराष्ट्रीय टी20 प्रारूप में एक अहम मुकाम हासिल किया। श्रीलंका के खिलाफ पहले मैच में सिर्फ एक रन बनाने वाले रैना ने बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे मैच में 27 गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 28 रन बनाए। इस एक छक्के ने रैना को भारतीय बल्लेबाज युवराज सिंह और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज बल्लेबाजों के क्लब में शामिल कर दिया।
दरअसल बांग्लादेश के खिलाफ अपनी पारी में एकमात्र छक्का लगाने के बाद रैना ने अंतरराष्ट्रीय टी 20 क्रिकेट में अपना 50वां छक्का पूरा किया। इससे पहले भारत की तरफ से क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में छक्कों का अर्धशतक पूरा करने वाले खिलाड़ी युवराज और रोहित हैं। अंतरराष्ट्रीय टी20 में युवराज के नाम पर अब तक 74 जबकि रोहित शर्मा के नाम पर कुल 69 छक्के दर्ज हैं। रैना ने अपने टी20 करियर का 50वां छक्का अपने 70वें मैच में लगाया।
अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में छक्कों का अर्धशतक पूरा करने वाले सुरेश रैना 21वें बल्लेबाज हैं। क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के धुरंधर बल्लेबाज क्रिस गेल और न्यूजीलैंड के धाकड़ बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल के नाम पर दर्ज है। इन दोनों के नाम पर 103 छक्के हैं।
अंतरराष्ट्रीय टी20 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप पांच बल्लेबाज-
क्रिस गेल- 55 मैच- 103 छक्के (खेल रहे हैं)
मार्टिन गप्टिल- 75 मैच- 103 छक्के (खेल रहे हैं)
ब्रैंडन मैकुलम- 71 मैच- 91 छक्के (रिटायर)
शेन वॉटसन- 58 मैच- 83 छक्के (रिटायर)
डेविड वार्नर- 70 मैच- 79 छक्के (खेल रहे हैं)
अंतरराष्ट्रीय टी20 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप पांच भारतीय बल्लेबाज-
युवाराज सिंह- 74
रोहित शर्मा- 69
सुरेश रैना- 50
महेंद्र सिंह धौनी- 46
विराट कोहली- 41