1 छक्के से होगी युजवेंद्र चहल की 'बदनामी' तो रोहित को छक्का कर देगा 'मशहूर'
India vs West Indies तीसरे टी20 में एक छक्का जहां रोहित को मशहूर कर सकता है तो स्पिनर युजवेंद्र चहल को बदनाम भी कर सकता है।
नई दिल्ली, जेएनएन। भारतीय क्रिकेट टीम को मुंबई में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज के निर्णायक मुकाबले में खेलना है। ओपनर रोहित शर्मा का यह होम ग्राउंड है और वह इस मैदान पर एक बड़ा रिकॉर्ड बना सकते हैं। रोहित 400 छक्कों से एक कदम दूर हैं। वैसे एक छक्का जहां रोहित को मशहूर कर सकता है तो स्पिनर युजवेंद्र चहल को बदनाम भी कर सकता है।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच मुंबई में बुधवार को खेला जाने वाला मुकाबला बेहद अहम होगा। भारत ने हैदराबाद में खेला पहला मैच जीता था तो वेस्टइंडीज ने दूसरा मुकाबला अपने नाम कर सीरीज में 1-1 से बराबरी की थी। अब तीसरी मैच जो भी टीम जितेगी सीरीज उसके नाम हो जाएगी। इस मैच में जीत और हार के अलावा दो भारतीय खिलाड़ियों पर नजर रहेगी। रोहित शर्मा और युजवेंद्र चहल वो दो धुरंधर हैं जिनके लिए 1 छक्का इस मैच में रिकॉर्ड बनाने वाला रहेगा।
1 छक्का रोहित को कर देगा मशहूर
रोहित शर्मा ने अब तक इंटरनेशनल क्रिकेट में कुल 399 छकके लगाए है। वह 400 छक्के लगाने से महज 1 कदम दूर हैं। इस मैच में वह अपने घरेलू दर्शकों को बीच ऐसा करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बनना चाहेंगे। रोहित 400 इंटरनेशनल छक्के लगाने वाले दुनिया के चौथे बल्लेबाज बनेंगे। रोहित ने टेस्ट में 52, वनडे में 232 और टी20 क्रिकेट में कुल 115 छक्के लगाए हैं। सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में वेस्टइंडीज के क्रिस गेल (Chris Gayle) 534 छक्के के साथ पहले और पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद आफरीदी (Shahid Afridi) 476 छक्के लगाकर दूसरे नंबर पर हैं।
1 छक्का युजवेंद्र चहल को कर देगा बदनाम
मुंबई टी20 में युजवेंद्र चहल एक छक्के खाते ही बेहद शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे। चहल अब तक 36 मैच खेलकर 64 छक्के खा चुके हैं। बांग्लादेश के शाकिब अल हसन के नाम टी20 में सबसे ज्यादा 65 छक्के खाने का रिकॉर्ड है। चहल की गेंद पर मैच में जैसे ही एक छक्का लगेगा तो वह इस लिस्ट में शाकिब के साथ संयुक्त रूप से पहले नंपर पर आ जाएंगे।