Ind vs SA: 87 साल में पहली बार हुआ ऐसा, रोहित शर्मा और मयंक अग्रवाल ने रचा इतिहास
India vs South Africa भारतीय क्रिकेट इतिहास में 87 साल में पहली बार ऐसा हुआ है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में रोहित और मयंक की ओपनिंग जोड़ी ने 5 शतक जड़ इतिहास रच दिया।
नई दिल्ली, जेएनएन। भारतीय क्रिकेट टीम की नई ओपनिंग जोड़ी रोहित शर्मा और मयंक अग्रवाल ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ (India vs South Africa) शतकों का नया रिकॉर्ड बनाया। इस सीरीज के दौरान अब तक इस जोड़ी के बल्ले से 5 शतक आ चुके हैं। भारतीय क्रिकेट इतिहास में 87 साल बाद ऐसा हुआ है। रांची टेस्ट के पहले दिन मयंक भले ही सस्ते में आउट हो गए लेकिन रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने बेहतरीन शतक जमाया।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली जा रही टेस्ट सीरीज के आखिरी मुकाबले से पहले दिन रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने सीरीज का तीसरा शतक जमाया। रोहित की इस पारी में भारतीय टीम के पहले दिन मुश्किल से निकाला और दिन का खेल खत्म होने तक 224 रन से स्कोर तक पहुंचाया। खराब रोशनी की वजह से 58वें ओवर के बाद खेल रोकना पड़ा इसके बाद मैच दोबारा शुरू नहीं हो पाया। पहले दिन रोहित 117 और अजिंक्य रहाणे 83 रन बनाकर नाबाद लौटे।
रोहित और मयंक ने दोहराया इतिहास
भारत की तरफ से इस सीरीज में ओपनिंग जोड़ी ने कुल 5 शतक बनाए हैं। 87 साल में यह पहला मौका है जब टीम इंडिया की ओपनिंग जोड़ी ने इतने शतक बनाए हैं। अब तक एक सीरीज के दौरान तीन बार ऐसा हुआ था जब भारतीय ओपनिंग जोड़ी ने चार शतक बनाए थे। साल 1970-71 में वेस्टइंडीज के खिलाफ, 1978-79 में और फिर साल 2009-10 में किसी टेस्ट सीरीज में भारत के ओपनर्स ने चार सेंचुरी लगाई थी।
रोहित और मयंक ने बनाए कुल 5 शतक
साउथ अफ्रीका के खिलाफ इस सीरीज में रोहित शर्मा ने अब तक कुल 3 शतक बनाए हैं। रोहित ने विशाखापत्तनम टेस्ट की दोनों पारियों में शतक बनाया था और अब रांची में भी सेंचुरी लगाई। वहीं मयंक ने पहले मैच में दोहरा शतक बनाया था। पुणे टेस्ट में रोहित बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे लेकिन मयंक ने शानदार शतक बनाया।