Ind vs NZ: 1 दिन में न्यूजीलैंड के खिलाफ 2 मैच खेलेगी टीम इंडिया, U19 विश्व कप में भी मुकाबला
India vs New Zealand अंडर 19 विश्व कप में भारत का सामना न्यूजीलैंड के खिलाफ होना है। वहीं भारतीय टीम शुक्रवार को ही 5 मैचों के टी20 सीरीज की शुरुआत करने जा रही है।
नई दिल्ली, जेएनएन। भारतीय क्रिकेट टीम शुक्रवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ क्रिकेट के मैदान पर दो-दो मुकाबलों में आमने सामने होगी। यह महज इत्तेफाक ही है कि भारतीय सीनियर और जूनियर दोनों ही टीमें शुक्रवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ ही अपना मैच खेलेगी। अंडर 19 विश्व कप में भारत का सामना न्यूजीलैंड के खिलाफ ही होना है। वहीं भारतीय टीम शुक्रवार को ही 5 मैचों के टी20 सीरीज की शुरुआत करने जा रही है।
भारत और न्यूजीलैंड की क्रिकेट टीमो के बीच शुक्रवार को दो मुकाबले खेले जाएंगे। एक तरफ जहां विराट कोहली एंड कंपनी ऑकलैंड में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 मुकाबला खेलेगी। दूसरी तरफ प्रियम गर्ग की कप्तानी में अंडर 19 टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ साउथ अफ्रीका के ब्लूमफोनटेन में खेलेगी। न्यूजीलैंड और भारत दोनों ही टीमें अंडर 19 विश्व कप से क्वार्टर फाइनल में जगह बना चुकी हैं।
सीनियर कीवी टीम से विराट एंड कंपनी का सामना
न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में इडेन पार्क ऑकलैंड स्टेडियम में विराट कोहली एंड टीम टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में बढ़त लेने के इरादे से उतरेगी। यह मैच भारतीय समय के मुताबिक दोपहर 12.20 बजे शुरू होगा।
जूनियर टीम से प्रियम गर्ग का सामना
अंडर 19 विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में जगह बना चुकी भारत और न्यूजीलैंड की टीमें शुक्रवार को खेलेंगी। भारत ने अपने दोनों मैच जीते हैं और वो ग्रुप में टॉप पर है। न्यूजीलैंड की टीम 1 जीत और एक बेनतीजा रहे मुकाबले की बदौलत दूसरे स्थान पर है। यह मैच दोपहर 1.30 बजे खेला जाएगा। भारत के पास 4 अंक हैं जबकि न्यूजीलैंड के खाते में 3 अंक हैं। इस मैच के बाद फैसला हो जाएगा कि ग्रुप स्टेज में कौन सी टीम टॉप पर रहते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बनाती है।
भारत ने श्रीलंका और जापान की टीम को एक तरफा मुकाबले में हराया था जबकि न्यूजीलैंड की टीम ने श्रीलंका के खिलाफ जीत दर्ज की थी तो जापान के साथ उसका मुकाबला बेनतीजा रहा था।