IND vs WI: वेस्टइंडीज को रौंद, टेस्ट क्रिकेट में भारत ने हासिल की तीसरी सबसे बड़ी बढ़त
साल 2007 में टीम इंडिया ने बांग्लादेश पर पहली पारी में 492 रन की बढ़त हासिल की थी।
नई दिल्ली, जेएनएन। भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहले टेस्ट के दूसरे दिन तो भारतीय बल्लेबाजों ने खूब रिकॉर्ड बनाए लेकिन तीसरे दिन पूरी टीम के नाम एक रिकॉर्ड दर्ज हो गया। दरअसल कमजोर वेस्टइंडीज के सामने भारत ने 649 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया और इसके बाद उन्हें केवल 181 रन पर समेट दिया। इस हिसाब से भारत को पहली पारी में 468 रन की बढ़त मिली।
आपको हैरानी होगी कि ये टेस्ट क्रिकेट में भारत की यह तीसरी सबसे बड़ी बढ़त है। भारत ने सबसे बड़ी बढ़त बांग्लादेश के खिलाफ हासिल की हुई है। साल 2007 में टीम इंडिया ने बांग्लादेश पर पहली पारी में 492 रन की बढ़त हासिल की थी। इसके बाद टीम इंडिया ने साल 2011 में वेस्टइंडीज के खिलाफ ही 478 रन की बढ़त हासिल की हुई है। इसके अलावा भारत ने श्रीलंका के खिलाफ दो बार 400 से ज्यादा की बढ़त हासिल की हुई है। भारत ने श्रीलंका के खिलाफ 2017 में कोलंबो में 439 रन की और 2009 में कानुपर में 413 रन की बढ़त बनाई थी।
वहीं 468 रन की बढ़त वेस्टइंडीज टीम पर तीसरी सबसे बड़ी बढ़त है। इस टीम पर पहली पारी में सबसे बड़ी बढ़त हासिल करने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के नाम हैं। इंग्लैंड ने 1930 में किंगस्टन में वेस्टइंडीज पर 563 रन की बढ़त हासिल की थी।
भारत के विशाल 649 रन के स्कोर का पीछा करना उतरी वेस्टइंडीज की पहली पारी केवल 181 रन पर सिमट गई। पहली पारी में भारत को 468 रन की बढ़त मिली। वेस्टइंडीज की तरफ से सबसे ज्यादा रन रोस्टन चेज ने बनाए, उन्होंने अर्धशतक लगाते हुए 53 रन की पारी खेली। भारत की तरफ से अश्विन ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए।