कुंबले और शेन वॉर्न को पीछे छोड़ दिया इस श्रीलंकाई स्पिनर ने
जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में श्रीलंका के इस स्पिनर ने खास उपलब्धि हासिल की।
नई दिल्ली। श्रीलंकाई स्पिनर रंगना हैराथ ने हरारे में घातक गेंदबाजी करते हुए श्रीलंका को जिम्बाब्वे पर दूसरे टेस्ट मैच में 257 रनों से जीत दिलाई। इस दौरान हैराथ ने खास उपलब्धि हासिल की। हैराथ ने इस मैच के दौरान टेस्ट क्रिकेट में 350 विकेट पूरे किए। वे इस उपलब्धि तक सबसे तेजी से पहुंचने वाले दुनिया के दूसरे स्पिनर बने।
हैराथ ने अपने 75वें टेस्ट मैच में जिम्बाब्वे के कार्ल मुम्बा को एलबीडब्ल्यू कर 350वां शिकार बनाया। वैसे उन्होंने इसके बाद क्रिस मोफू को आउट कर अपने शिकारों की संख्या को 351 तक पहुंचाया। हैराथ ने इस मैच की पहली पारी में 5 और दूसरी पारी में 8 विकेट लिए। हैराथ अब 75 टेस्ट मैचों में 27.97 की औसत से 351 विकेट ले चुके हैं। हैराथ ने इस मुकाम तक पहुंचने के मामले में शेन वॉर्न और अनिल कुंबले जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया।
350 टेस्ट शिकारों तक सबसे तेजी से पहुंचने वाले स्पिनर मुथैया मुरलीधरन हैं, मुरली इस उपलब्धि तक 66 टेस्ट मैचों में पहुंचे थे। हैराथ के बाद इस सूची में अनिल कुंबले (77 टेस्ट मैच) तीसरे स्थान पर हैं। शेन वॉर्न (80 टेस्ट मैच) चौथे, हरभजन सिंह (83 टेस्ट) पांचवें और डेनियल विटोरी (106 टेस्ट) छठे क्रम पर हैं।