विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 05, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

यथा नाम तथा गुण: विराट कोहली के बारे में इतना ही काफी है

By Vikash GaurEdited By:
Published: Fri, 05 Nov 2021 09:41 AM (IST)Updated: Fri, 05 Nov 2021 04:43 PM (IST)

Happy Birthday Virat Kohli भारतीय क्रिकेट टीम के मौजूदा कप्तान विराट कोहली का जैसा नाम है वैसे ही उनके गुण ...और पढ़ें

Virat Kohli महान खिलाड़ी हैं (फोटो AFP)
Virat Kohli महान खिलाड़ी हैं (फोटो AFP)

नई दिल्ली, विकाश गौड़। Happy Birthday Virat Kohli: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली आज यानी 5 नवंबर 2021 को अपना 33वां जन्मदिन मना रहे हैं, लेकिन कुछ व्यक्तियों का नाम जैसा होता है, वैसे ही उनके गुण होते हैं और ये विराट कोहली ने भलीभांति स्पष्ट कर दिया है। विराट कोहली के नाम में विराट शब्द है और ये विराट शब्द अपने आप में विशाल है और उन्होंने क्रिकेट की 22 गज की पट्टी पर जो कमाल किया है, उस तरह उनके लिए ये कहना गलत नहीं होगा कि यथा नाम तथा गुण।

रन चेज में मास्टर, कवर ड्राइव मारने में सबसे दमदार खिलाड़ी विराट कोहली हैं। विराट कोहली हर फार्मेट में लंबे समय तक दमदार प्रदर्शन करने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं। दुनिया का कोई भी खिलाड़ी इतना सफल तीनों फार्मेट में नहीं है, जितने सफल विराट कोहली हैं। हालांकि, एक कप्तान के तौर पर सीमित ओवरों की क्रिकेट में हमेशा उनकी आलोचना होती रही है, क्योंकि वे कभी भी कोई बड़ा टूर्नामेंट या आइसीसी ट्राफी नहीं जीत सके हैं। यहां तक कि आइपीएल में भी वे ट्राफी अपने नाम नहीं कर सके हैं।

5 नवंबर 1988 को देश की राजधानी दिल्ली में जन्मे विराट कोहली ने जब से इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया है, तब से वे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सबसे बड़े सुपरस्टार हैं। विराट कोहली ने डेब्यू के बाद से सबसे ज्यादा रन, सबसे ज्यादा शतक, सबसे ज्यादा दोहरे शतक, सबसे ज्यादा अर्धशतक, सबसे ज्यादा मैन आफ द मैच और सबसे ज्यादा प्लेयर आफ द मैच का खिताब जीतने में सफलता हासिल की है। ये आंकड़े सिर्फ भारतीय क्रिकेट के लिए विशाल नहीं हैं, बल्कि विश्व क्रिकेट में भी विराट कोहली का एकछत्र राज रहा है।

विराट कोहली के डेब्यू के बाद से

सबसे ज्यादा रन - 23159

सबसे ज्यादा शतक- 70

सबसे ज्यादा अर्धशतक - 118

सबसे ज्यादा दोहरे शतक - 7

सबसे ज्यादा प्लेयर आफ द मैच - 57

सबसे ज्यादा प्लेयर आफ द सीरीज - 19

विराट कोहली इंटरनेशनल वनडे क्रिकेट में 6 बार 300 या इससे ज्यादा रन बनाने में सफल रहे हैं। विराट कोहली ने 6 बार द्विपक्षीय एकदिवसीय सीरीज में 300 से ज्यादा रन बनाने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं। दुनिया का कोई भी बल्लेबाज 4 से ज्यादा बार ये कमाल नहीं दिखा पाया है। इसके अलावा वे भारत के लिए टी20, टेस्ट और वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में आइसीसी रैंकिंग में सबसे ज्यादा रेटिंग प्वाइंट्स हासिल करने वाले खिलाड़ी हैं। टेस्ट में 937, वनडे में 911 और T20I में 897 रेटिंग प्वाइंट्स हासिल कर चुके हैं।

रन मशीन विराट कोहली के करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक 254 वनडे इंटरनेशनल मैचों में 43 शतकों के साथ 12169 रन बनाए हैं, जबकि टेस्ट क्रिकेट के 96 मैचों में वे अब तक 7765 रन बना चुके हैं, जिसमें 27 शतक और 7 दोहरे शतक शामिल हैं। इसके अलावा टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में वे दुनिया के सबसे बड़े रन स्कोरर हैं। उन्होंने 3225 रन 29 अर्धशतकों के दम पर बनाए हैं। वनडे और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में विराट कोहली ने 4-4 विकेट भी चटकाए हैं।

आज टी20 विश्व कप 2021 में स्काटलैंड के खिलाफ मुकाबला खेलने उतरेंगे। कप्तान विराट कोहली खुद को जीत का तोहफा देंगे, जबकि टीम इंडिया के खिलाड़ी भी अपने कप्तान को बड़ी जीत दिलाकर बर्थडे गिफ्ट देना पसंद करेंगे। भारत के लिए ये मुकाबला सेमीफाइनल की रेस में बने रहने के लिए अहम है। भारतीय टीम को सेमीफाइनल की रेस में बने रहने के लिए आखिरी दोनों मुकाबले जीतने हैं और अफगानिस्तान और नामीबिया के न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच पर भी निर्भर रहना होगा।