भारत ने तोड़ा था दुनिया के सबसे ‘ताकतवर’ कप्तान क्लाइव लॉयड का सपना
31 अगस्त 1944 को जन्में क्लाइव लॉयड ने वेस्टइंडीज को दो लगातार विश्व कप में शानदार कप्तानी और बल्बेबाजी के दम पर जीत चैंपियन बनाया। आज उनका 75वां जन्मदिन हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। विश्व क्रिकेट के महानतम कप्तानों में शुमार वेस्टइंडीज के क्लाइव लॉयड आज अपना 75वां जन्मदिन मना रहे हैं। 31 अगस्त 1944 को जन्मे लॉयड ने वेस्टइंडीज को दो लगातार विश्व कप में शानदार कप्तानी और बल्बेबाजी के दम पर चैंपियन बनाया।
लंबी चौड़ी कद काठी के विंडीज कप्तान लॉयड को अपने दौर का सबसे प्रभावशाली कप्तान और खतरनाक बल्लेबाज माना जाता था। उनके शॉट्स इतने जोरदार होते थे कि कई बार तो फील्डर अपने हाथ पीछे खींच लिया करते थे। 1975 में विश्व कप के पहले फाइनल में लॉयड ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 85 गेंदों में 102 रन की पारी खेल टीम को विश्व विजेता बनाया था। वेस्टइंडीज विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बनी थी।
विश्व क्रिकेट के सबसे प्रभावी कप्तान
लॉयड की गिनती विश्व क्रिकेट के सबसे ताकतवर कप्तानों में होती है। उन्होंने वेस्टइंडीज की टीम को 80 के दशक की सबसे खतरनाक टीम बनाया। टीम का दबदबा ऐसा था कि जब आईसीसी ने वनडे विश्व कप कराया तो उसमें सिर्फ वेस्टइंडीज का ही बोलबाला दिखा। 1975 और 1979 में टीम दमदार प्रदर्शन कर खिताब हासिल किया।
भारत ने तोड़ा था लॉयड का सपना
दो बार विश्व विजेता बनने वाले विंडीज कप्तान लगातार तीसरी बार खिताब जीत इतिहास रचना चाहते थे लेकिन भारतीय टीम ने उनका यह सपना तोड़ दिया था। कपिल देव की कप्तानी में युवा टीम ने अनुभवी कप्तान लॉयड को मात दी थी। भारत ने महज 183 रन का ही स्कोर खड़ा किया था जो दो बार की चैंपियन टीम के लिए आसान माना जा रहा था लेकिन कपिल की सेना ने इस नामुमकिन बना इतिहास रच दिया।
लॉयड का क्रिकेट करियर
साल 1966 में इस विंडीज धुरंधर ने मुंबई में भारत के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था। जबकि पहला वनडे मैच उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 1973 में खेला था। 110 टेस्ट खेलने वाले लॉयड ने 175 पारियों में 46.67 की औसत से कुल 7515 रन बनाए। जिसमें 242 रन की नाबाद की सर्वश्रेष्ठ पारी उन्होंने भारत के खिलाफ मुंबई में 1975 में खेली थी। टेस्ट में उनके नाम 19 शतक और 39 अर्धशतक हैं।
लॉयड ने 87 वनडे में 1977 रन बनाए जिसमें उनका औसत 39 का रहा। वनडे में लॉयड के नाम 11 अर्धशतक और 1 शतक हैं।