चेन्नई सुपर किंग्स के नाम 200वें मैच में दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड, सीजन में दूसरी बार हुआ ऐसा
IPL 2020 Lowest score टीम अंक तालिका में नीचले पायदान पर है। मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में चेन्नई की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। 3 रन पर 4 विकेट गंवाने वाली चेन्नई महज 114 रन ही बना पाई।
नई दिल्ली, जेएनएन। इंडियन प्रीमियर लीग का 13वां सीजन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए बेहद निराशाजनक रहा है। धौनी की कप्तानी वाली टीम के नाम इस सीजन में 10 मैच के बाद महज 3 जीत रही और ऐसा इससे पहले शायद ही देखने को मिला है। टीम अंक तालिका में नीचले पायदान पर है। मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में चेन्नई की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। 3 रन पर 4 विकेट गंवाने वाली चेन्नई 114 रन ही बना पाई।
मुंबई के खिलाफ शुक्रवार को खेले जा रहे मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स IPL में अपना 200वें मैच में उतरी थी। टीम की बल्लेबाजी बुरी तरह से नाकाम रही। महज 21 रन के स्कोर पर आधी चेन्नई की टीम डग आउट में बैठी थी। सैम कुर्रन ने आखिर तक टिककर एक छोर संभाला और अर्धशतक बनाकर वापस लौटे। इस पारी की बदौलत ही टीम 100 रन के पार पहुंच पाई। यह सीजन में चेन्नई की सबसे छोट स्कोर है। इससे पहले राजस्थान के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते 125 रन ही बना पाई थी।
21 रन पर आधी टीम लौटी वापस
बिना एक भी रन बनाए टीम को पहला झटका लगा। रितुराज गायकवाड शून्य पर आउट होकर वापस लौटे। ट्रेंट बोल्ट ने लेग बिफोर की अपील की लेकिन फील्ड अंपायर ने नकार दिया। कप्तानी कर रहे पोलार्ड ने रेफरल की और थर्ड अंपायर ने गायकवाड को आउट दिया। बुमराह ने एक ओवर में दो लगातार विकेट चटकाए। अंबाती रायुडू और फिर जगदीशन अपना विकेट देकर वापस लौट गए।
इसके बाद फाफ डु प्लेसिस का विकेट गिरा और फिर रविंद्र जडेजा भी आउट होकर चलते बने। महज 21 रन के स्कोर पर आधी टीम डग आउट में लौट चुकी थी। कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने राहुल चाहर को आगे बढ़कर एक जोरदार छक्का लगा और अगली ही गेंद पर विकेट के पीछे कैच दे बैठे। इसके बाद चाहर ने बड़े भाई दीपक को अपना शिकार बनाया। शार्दुल ठाकुर के रूप में टीम को आठवां और सैम कुर्रन के रूप में पारी आखिरी गेंद पर 9वां झटका लगा।
IPL में चेन्नई के साथ दूसरी बार हुआ ऐसा
इससे पहले चेन्नई की टीम जब राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलने उतरी थी तो महज 125 रन ही बना पाई थी। जो इस सीजन में किसी भी टीम का सबसे छोटा स्कोर रहा था। कोलकाता की टीम ने 84 रन बनाकर सीजन का सबसे छोटा स्कोर अपने नाम किया।