ब्रैंडन मैकुलम ने इस दशक में लगाए सबसे ज्यादा 'छक्के', टॉप 5 में कोई भारतीय बल्लेबाज नहीं
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड ब्रैंडन मैकुलम के नाम पर है।
नई दिल्ली, जेएनएन। क्रिकेट के सबसे लंबे स्वरूप यानी टेस्ट क्रिकेट में कई खिलाड़ियों ने एक से बढ़कर एक कीर्तिमान अपने नाम किए हैं। पर जब बात टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने की आती है तो इसमें तो अब तक बाजी न्यूजीलैंड के पूर्व बल्लेबाज ब्रैंडन मैकुलम ने ही मारी है। टेस्ट क्रिकेट में अब तक सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी मैकुलम हैं और एक और कमाल की उपलब्धि उनके नाम पर दर्ज हो गई है। मैकुलम अब इस दशक में टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी हैं।
इस दशक में टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के लगाए ब्रैंडन मैकुलम ने
साल 2010 से लेकर 2019 यानी इस दशक में क्रिकेट के सबसे लंबे प्रारूप में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में न्यूजीलैंड के पूर्व ओपनर बल्लेबाज ब्रैंडन मैकुलम रहे। उन्होंने इस दशक में कुल 79 छक्के लगाए जबकि दूसरे स्थान पर पाकिस्तान के पूर्व कप्तान व बल्लेबाज मिस्बा उल हक रहे जिन्होंने 73 छक्के जडे़। तीसरे स्थान पर इंग्लैंड के बेन स्टोक्स, चौथे नंबर पर टिम साउथी और पांचवें स्थान पर डेविड वार्नर हैं। खबर लिखे जाने तक बेन स्टोक्स, टिम साउथी और डेविड वार्नर बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच खेल रहे हैं। इस दशक में टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप पांच बल्लेबाजों में कोई भी भारतीय बल्लेबाज नहीं है।
टेस्ट में इस दशक सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज
ब्रैंडन मैकुलम- 79 छक्के
मिस्बा उल हक- 73 छक्के
बेन स्टोक्स- 63* छक्के
टिम साउथी- 60* छक्के
डेविड वार्नर- 56* छक्के
टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड ब्रैंडन मैकुलम के नाम पर ही है। मैकुलम ने अपने करियर में कुल 101 टेस्ट मैचों में कुल 107 छक्के लगाए थे। वहीं दूसरे स्थान पर रहे एडम गिलक्रिस्ट ने 96 मैचों में कुल 100 छक्के लगाए थे। सहवाग इस लिस्ट में 91 छक्कों के साथ पांचवें स्थान पर हैं।
टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज-
ब्रैंडन मैकुलम- 101 मैच, 107 छक्के
एडम गिलक्रिस्ट- 96 मैच, 100 छक्के
क्रिस गेल- 103 मैच, 98 छक्के
जैक कैलिस- 166 मैच, 97 छक्के
वीरेंद्र सहवाग- 104 मैच, 91 छक्के