गेंदों का शतक लगा दिया, लेकिन एक भी छक्का नहीं जड़ पाया ये तूफानी ऑलराउंडर
IPL 2020 में तीन ऐसे बल्लेबाज हैं जो 10 से ज्यादा ओवर खेलने के बाद भी एक भी छक्का नहीं लगा पाए हैं। इनमें दो ऐसे बिग हिटर हैं जो छक्का लगाने के लिए जाने जाते हैं। बेन स्टोक्स ने तो 100 से ज्यादा गेंद खेल ली हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। कुछ बल्लेबाज ऐसे होते हैं जो अपने लंबे-लंबे शॉट्स लगाने के लिए जाने जाते हैं, लेकिन अगर उनके बल्ले से 10 से ज्यादा ओवर खेलने के बाद भी एक भी छक्का लगे तो आप इसे क्या कहेंगे? खैर ऐसा इंडियन प्रीमियर लीग यानी आइपीएल में हो रहा है। एक दो नहीं, बल्कि तीन ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने 10 से ज्यादा ओवर यानी 60 से ज्यादा गेंदों का सामना किया है, लेकिन एक भी छक्का उनके बल्ले से नहीं निकला है।
हैरान करने वाली बात तो ये है कि ये ऐसे बल्लेबाज हैं, जिनसे हर मैच में दो-चार छक्के लगाने की उम्मीद रहती है। यहां तक कि वे ऐसा करते भी आए हैं, लेकिन यूएई में खेले जा रहे आइपीएल के 13वें सीजन में तूफानी ऑलराउंडर बेन स्टोक्स, कंगारू ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल और भारतीय ऑलराउंडर केदार जाधव छक्का लगाने के लिए तरस रहे हैं। इन तीनों ही बल्लेबाज ने 60 से ज्यादा गेंदों का इस्तेमाल किया है।
अपने लंबे शॉट्स के लिए मशहूर इंग्लैंड के बेन स्टोक्स आइपीएल 2020 में अपना पहला छक्का मारने के लिए संघर्ष करते नजर आ रहे हैं। गुरुवार को भी सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ वह एक भी छक्का नहीं जड़ सके। राजस्थान रॉयल्स के लिए इस सीजन में ओपनिंग कर रहे बेन स्टोक्स ने इस आइपीएल में अभी तक 103 गेंदों का सामना किया है, लेकिन एक भी बार वे गेंद को सीधे स्टैंड्स में नहीं पहुंचा पाए हैं।
हालांकि, बेन स्टोक्स आइपीएल में 14 चौके मार चुके हैं और 22 की औसत से 110 रन बना चुके हैं, लेकिन छक्के इंतजार अभी उनके बल्ले से सभी को है। इस सीजन में उनका अभी तक का सर्वोच्च स्कोर 41 रन है। बेन स्टोक्स 5 आइपीएल मैच खेल चुके हैं और तीन बार वे फ्लॉप रहे हैं। ऐसे में वे राजस्थान की मुश्किलें बढ़ा रहे हैं। यहां तक कि पिछले सीजन में भी वह नौ मैचों में सिर्फ चार छक्के मार सके थे। बेन स्टोक्स राजस्थान के सबसे महंगे खिलाड़ियों में शामिल हैं।
बेन स्टोक्स ही नहीं, ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल भी 87 गेंद अब तक खेल चुके हैं, लेकिन एक भी छक्का अभी तक उनके बल्ले से नहीं निकला है। वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स के ऑलराउंडर केदार जाधव 66 गेंद खेलने के बाद भी छक्का नहीं लगा पाए हैं। ग्लेन मैक्सवेल और बेन स्टोक्स का स्ट्राइकरेट फिर भी 100 के ऊपर है, लेकिन केदार जाधव तो 100 के स्ट्राइकरेट से भी रन नहीं बना पाए हैं, जो कि सीएसके लिए चिंता का विषय है।
सबसे ज्यादा गेंद खेलकर छक्का नहीं लगाने वाले बल्लेबाज
103 बॉल - बेन स्टोक्स
87 बॉल - ग्लेन मैक्सवेल
66 बॉल - केदार जाधव