यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 06, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
क्या Asia Cup से बाहर हो गई टीम इंडिया? अब कैसे फाइनल में पहुंचेगा भारत, समझिए समीकरण
Asia cup 2022 भारतीय टीम को सुपर फोर में मिली लगातार दूसरी में हार का मतलब है कि अब वह ...और पढ़ें

नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम को एशिया कप के सुपर फोर में लगातार दूसरी हार झेलनी पड़ी। पहले पाकिस्तान और फिर श्रीलंका के खिलाफ मिली हार ने टीम इंडिया को फाइनल की दौड़ से लगभग बाहर कर दिया है। मंगलवार को श्रीलंका के खिलाफ भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 173 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में 19.5 ओवर में श्रीलंका ने जीत का लक्ष्य हासिल कर फाइनल में जगह लगभग पक्की कर ली।
भारतीय टीम को लगातार दूसरे मैच में हार का मतलब है कि अब वह फाइनल की दौड़ से लगभग बाहर हो चुका है। टीम इंडिया को अब सिर्फ जीत ही नहीं बल्कि दूसरी टीमों के हार पर भी निर्भर करना पड़ेगा। रोहित शर्मा की टीम ने हाथ आए अच्छे मौके को गंवाया और अब डिफेंडिंग चैंपियन होने के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो सकती है। वैसे क्रिकेट के खेल में कुछ भी कहा जाता है और फाइनल की दो टीमें कौन सी होंगी इसके लिए इंतजार करना होगा।
एशिया कप से बाहर हो गई टीम
भारत ने ग्रुप मुकाबले में पाकिस्तान और हांगकांग के खिलाफ शानदार जीत के साथ सुपर फोर में कदम रखा था। ग्रुप ए में भारत ने टॉप पर रहते हुए अगले दौर में जगह बनाई थी। पाकिस्तान के खिलाफ सुपर का पहला मैच भारत ने 5 विकेट से गंवाया। दूसरे मुकाबले में श्रीलंका की टीम ने 6 विकेट से मात दी। इस वक्त दो अंक तालिका कि स्थिति है उसे देखते हुए कहा जा सकता है कि टीम इंडिया का फाइनल में पहुंचना मुश्किल लग रहा है।
भारत कैसे पहुंचेगा फाइनल में
अब दो हार के बाद क्या भारतीय टीम को फाइनल में जगह मिल पाएगी ये सवाल सबके मन में है। जवाब है हां टीम इंडिया की उम्मीद अभी पूरी तरह से खत्म नहीं हुई है। भारत को फाइनल में पहुंचने के लिए पाकिस्तान, अफगानिस्तान और श्रीलंका के आगे के मुकाबलों पर निर्भर रहना होगा। अब भारत को अफगानिस्तान के खिलाफ अगला मुकाबला बड़े अंतर से जीतना होगा।
इसके साथ दुआ करनी होगी की श्रीलंका और अफगानिस्तान की टीमों पाकिस्तान को हरा दे। अगर ऐसा हुआ तो श्रीलंका की टीम तीन मैच जीतकर फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन जाएगी। जबकि भारत, पाकिस्तान और अफगानिस्तान की टीम एक एक जीत के साथ सुपर फोर राउंड खत्म करेगी। यहां पर नेट रन रेट में बेहतर रहने वाली टीम आगे जाएगी।
