महान क्रिकेटर ने किया टीम इंडिया की सबसे बड़ी चिंता का खुलासा, फील्डिंग को सराहा
साउथ अफ्रीका के महान फील्डर जोंटी रोड्स ने टीम इंडिया के फील्डिंग स्तर की तारीफ की है। इसके अलावा नंबर 4 को चिंता का विषय बताया है।
जोंटी रोड्स का कॉलम। मैं आप लोगों के साथ कुछ आंकड़े साझा करना चाहता हूं। पाकिस्तान की टीम ने टूर्नामेंट में अभी तक 16 कैच छोड़े हैं और उसके बाद इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका की टीम है। हालांकि, अच्छी फील्डिंग के मामले में रवि शास्त्री, विराट कोहली और श्रीधर के कारण भारतीय टीम बहुत आगे है। रवि ने पहले दिन से ही सभी के सामने स्पष्ट कर दिया था कि टीम में बने रहने के लिए फिट रहना जरूरी है। विराट खुद ही सबसे ज्यादा फिट एथलीटों में से एक हैं।
भारत के फील्डिंग कोच श्रीधर ने अपना काम बखूबी किया। भारतीय टीम ने अपनी फिटनेस पर कड़ी मेहनत की और अब टीम की फील्डिंग शानदार है। इसमें मुख्य भूमिका श्रीधर की रही। मैंने उन्हें शॉर्ट लेग, कवर आदि चीजों पर मेहनत करते हुए देखा है। वह काफी चीजों पर मेहनत कराते हैं। भारतीय गेंदबाजों युजवेंद्रा सिंह चहल, जसप्रीत बुमराह को स्क्वॉयर लेग, फाइन लेग बाउंड्री पर डाइव लगाकर रन बचाते हुए देखा है। कितने लोगों को पता नहीं होगा कि यह रन वनडे में कितने महत्वपूर्ण होते हैं।
श्रीधर ने क्षेत्ररक्षण के क्षेत्र में खिलाडि़यों की रैंकिंग शुरू कर दी है। क्या आप जानते हैं कि कौन पहले स्थान पर है? कोई अंदाजा? यह रोहित शर्मा हैं। आर्श्यचकित? यहां तक कि मैं भी हुआ, जब मैंने पहली बार सुना था। एक फील्डिंग कोच के रूप में मैं उन सभी चीजों से प्यार करता हूं जिससे खिलाड़ी आगे बढ़ते हैं। जैसे यो यो, ब्लीप टेस्ट, स्टैंड एवं जंप टेस्ट आदि।
मेरी नजर में भारतीय टीम में सर्वश्रेष्ठ फील्डिर रवींद्र जडेजा हैं क्योंकि वह तेजी से गेंद को कवर करते हैं। वह डाइव नहीं लगाते, लेकिन तेजी से लगातार स्टंप को हिट करते हैं। विराट एक शानदार क्षेत्ररक्षक हैं लेकिन एक कप्तान होने के नाते आप कई बार चूक जाते हैं क्योंकि आप गेंदबाजों और क्षेत्ररक्षकों का बदलाव करने के बारे में सोचते रहते हैं।
भारत के लिए चिंता की बात नंबर चार का स्थान है। कई विशेषज्ञ बोल चुके हैं रिषभ पंत को इस स्थान पर खिलाना चाहिए लेकिन भारतीय टीम प्रबंधन कुछ अलग ही सोच रहा होगा। भारतीय टीम आइपीएल की वजह से वेस्टइंडीज के खिलाडि़यों को जानती है कि वे कितने खतरनाक हैं। इस बीच, दक्षिण अफ्रीका अपने अंतिम एकादश के बारे में नहीं जानते हैं। टीम की अगुआई करना कोई समस्या नहीं है क्योंकि फाफ ने अपना काम अच्छा किया।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप