सूर्यकुमार यादव को हरभजन सिंह ने इस वजह से इंडियन एबी डिविलियर्स करार दिया
टीम इंडिया के सीनियर स्पिनर हरभजन सिंह ने मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को इंडियन एबी डिविलियर्स करार दिया। उन्होंने इसके पीछे की वजह बताते हुए कहा कि उनमें टीम इंडिया में भी शामिल होने की पूरी काबिलियत है।
नई दिल्ली, जेएनएन। टीम इंडिया के सीनियर स्पिनर हरभजन सिंह ने मुंबई इंडियंस के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को भारत का एबी डिविलियर्स करार दिया। भज्जी ने आइपीएल 2020 में सूर्यकुमार यादव के प्रदर्सन को देखते हुए ये बात कही। सूर्यकुमार यादव पिछले तीन साल से मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी की ताकत रहे हैं और इस साल भी टीम के चैंपियन बनने में उनकी मुख्य भूमिका रही है।
सूर्यकुमार यादव पिछले तीन सीजन से रन बनाने के मामले में मुंबई इंडियंस के सबसे निरंतर बल्लेबाज रहे हैं और वो किसी भी क्रम पर बल्लेबाजी करने में सक्षम हैं। मुंबई के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने एबी डिविलियर्स के साथ सूर्यकुमार यादव की तुलना करते हुए कहा कि, उनके पास एबी की तरह से ही मैदान पर शॉट लगाने की क्षमता है। भज्जी ने कहा कि सूर्यकुमार मिस्टर 360 की तरह से ही शॉट लगाने की काबिलियत रखते हैं।
भज्जी ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा कि, सूर्यकुमार यादव ने खुद के अंदर काफी बदलाव किए हैं और मुंबई इंडियंस के लिए वो गेमचेंजर हैं। उन्होंने बल्लेबाजी की बड़ी जिम्मेदारी अपने उपर ले रखी है। हरभजन सिंह सूर्यकुमार यादव की प्रतिभा के प्रशंसक हैं और वो हमेशा ही उनके बारे में कहते रहते हैं कि उन्हें टीम इंडिया में जगह मिलनी चाहिए। उन्होंने हाल ही में जब सूर्यकुमार यादव को ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए टीम इंडिया में जगह नहीं मिली थी तो भज्जी ने निराशा जाहिर की थी।
सूर्यकुमार यादव ने मुंबई के लिए इस सीजन में 16 मैचों में 480 रन बनाए थे और उनका स्ट्राइक रेट 145 से उपर का रहा था साथ ही उनका औसत भी 40 का था। भज्जी ने कहा कि वो पहले ही गेंद से हिट करना शुरू करते हैं और उन्हें रोकना मुश्किल है क्योंकि उनके पास हर तरह से शॉट्स हैं। वो कवर्स के उपर से खेल सकते हैं, वो स्वीप शॉट भी लगा सकते हैं साथ ही स्पिन अटैक को भी अच्छी तरह से झेल सकते हैं। वहीं तेज गेंदबाज को भी वो शानदार तरीके से खेलते हैं। वो भारतीय एबी डिविलियर्स हैं।