विराट और अनुष्का ने अपनी-अपनी NGO को किया मर्ज, लोगों की मदद के लिए लांच किया SeVVA
Virat Kohli and Anushka Sharma NGO SeVVA अब विराट कोहली फाउंडेशन और अनुष्का शर्मा फाउंडेशन मिलकर SeVVA के नाम से जानी जाएंगे। कोहली एथलीटों को स्पांसर करना जारी रखेंगे। अनुष्का एनिमल वेल्फेयर के लिए काम करना जारी रखेंगी।
नई दिल्ली, स्पोर्ट्स डेस्क। विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने जरूरतमंद लोगों की मदद करने के उद्देश्य से एक गैर-लाभकारी पहल शुरू करने के लिए अपने-अपने संस्थान को एक करने का फैसला किया है। अब विराट कोहली फाउंडेशन और अनुष्का शर्मा फाउंडेशन मिलकर SeVVA के नाम से जानी जाएंगे। कोहली एथलीटों को स्पांसर करना जारी रखेंगे और एथलीट डेवलेपमेंट प्रोग्राम (ADP) के माध्यम से खिलाड़ियों को स्कॉलशिप प्रदान करेंगे।
वहीं, अनुष्का एनिमल वेल्फेयर के लिए काम करना जारी रखेंगी। उन्हें 2017 में PETA द्वारा पर्सन ऑफ द ईयर नामित किया गया था। उन्होंने LGBT के अधिकारों के लिए भी लड़ाई लड़ी। बता दें कि यह युगल SeVVA फाउंडेशन जरूरतमंदों की भी मदद करेगा।
एक साथ काम करने का लिया फैसला
एक संयुक्त बयान में दोनों ने कहा, "खलील जिब्रान के शब्दों में 'सचमुच यह जीवन है जो जीवन देता है, जबकि आप, जो खुद को एक दाता मानते हैं, केवल साक्षी हैं'। इस भावना को ध्यान में रखते हुए, हमने अधिक से अधिक लोगों की मदद के उद्देश्य से सेवा के माध्यम से एक साथ काम करने का फैसला किया है।"
जरूरतमंदों की मदद करेगा SeVVA
विराट कोहली और अनुष्का ने कहा, "सेव्वा (SeVVA) का कार्य किसी विशेष मुद्दे तक सीमित नहीं रहेगा। क्योंकि यह मानवता का समर्थन करते हुए सामाजिक भलाई के लिए प्रयास करना जारी रखेगा जो आज समय की आवश्यकता है।"
गौरतलब हो कि कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी टेस्ट मैच में शतक लगाया था। वहीं, आखिरी वनडे मैच में उन्होंने अर्धशतक बनाया था। कोहली के प्रयासों के बावजूद भारत 21 रन से मैच हार गया था और घर में 2-1 से सीरीज गंवानी पड़ी थी। पूर्व भारतीय कप्तान, इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल 2023) में मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के लिए मैदान पर खेलते हुए नजर आएंगे।