बॉलीवुड वाले 'धौनी' ने क्रिकेट वाले MS Dhoni के रिटायरमेंट पर कही ये बात
भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी कब क्रिकेट से संन्यास लेंगे इस बारे में धौनी को छोड़कर कोई नहीं जानता। फिर भी इस पर जंग छिड़ी हुई है।
नई दिल्ली, जेएनएन। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी कब क्रिकेट से संन्यास लेंगे इस बारे में धौनी को छोड़कर कोई नहीं जानता। फिर भी इस बात पर जंग छिड़ी हुई है। एमएस धौनी के भविष्य के बारे में कहा जा रहा था कि वे वर्ल्ड कप 2019 के बाद क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। हालांकि, बाद में वे भारतीय सेना में अपनी सेवाएं देने के लिए कश्मीर चले गए तो संन्यास की बात दब गई।
यहां तक कि महेंद्र सिंह धौनी ने वर्ल्ड कप के बाद एक भी अंतरराष्ट्रीय और घरेलू मैच नहीं खेला है। धौनी लगातार तीन अंतरराष्ट्रीय टी20 और एक वनडे सीरीज से दूर रहे हैं। ऐसे में बॉलीवुड के धौनी यानी सुशांत सिंह राजपूत ने धौनी के संन्यास पर एक बड़ा बयान दिया है। बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत को बॉलीवुड का धौनी इसलिए कहा जाता है कि क्योंकि उन्होंने एमएस धौनी की बायोपिक में उनका किरदार निभाया था।
सही समय पर संन्यास ले लेंगे धौनी
सुशांत सिंह राजपूत ने कहा है कि धौनी सही समय पर संन्यास ले लेंगे। धौनी की सराहना करते हुए सुशांत राजपूत ने कहा है कि 38 वर्षीय एमएस धौनी के पास लीडरशिप की हर एक क्वीलिटी है। सुशांत ने ये भी बताया है कि वे धौनी के बहुत बड़े फैन हैं। सुशांत ने कहा है, "जब हम लीडरशिप क्वालिटी की एक किताब पढ़ते हैं वो अपने आप में एक किताब हैं।"
बॉलीवुड एक्टर ने बताया है, "ऐसा क्रिकेटर जिसने भारतीय टीम की कई सालों तक सेवा की, मैं सोचता हूं कि वह सबसे अच्छे व्यक्ति हैं जिन्हें अपने रिटायरमेंट का फैसला करना है। इसका फैसला कोई और नहीं करेगा।" सुशांत ने कहा है कि बतौर फैन ऐसा सोचना भी बहुत खराब लगता है। धौनी की बायोपिक में लीड रोल प्ले करने वाले सुंशात मानते हैं कि वे दुनिया के सबसे अच्छे विकेटकीपर हैं।