विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Suryakumar Yadav ने T20I क्रिकेट से संन्‍यास पर आखिरकार तोड़ी चुप्‍पी, भारत के साथ अपने अगले लक्ष्‍य का किया खुलासा

Published: Mon, 09 Mar 2026 06:38 PM (GMT+05:30)

भारतीय टीम ने न्‍यूजीलैंड को 96 रन से मात देकर तीसरी बार टी20 वर्ल्‍ड कप खिताब जीता। भारतीय कप्‍तान सूर्यकुमार ...और पढ़ें

सूर्यकुमार यादव

सूर्यकुमार यादव

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। भारतीय कप्‍तान सूर्यकुमार यादव ने टी20 वर्ल्‍ड कप खिताब जीतने के बाद अपने अगले लक्ष्‍य का खुलासा किया। सूर्या ने कहा कि उनकी नजरें ओलंपिक गेम्‍स और अगले टी20 वर्ल्‍ड कप पर टिकी हैं। अहमदाबाद में जीत के बाद सूर्यकुमार यादव ने कहा कि टीम का अगला लक्ष्‍य ओलंपिक गोल्‍ड मेडल है।

दरअसल, टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 खिताब जीतने के बाद सूर्यकुमार यादव के संन्‍यास की अटकलें जोरों पर थीं। 35 साल के सूर्या ने टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 में टीम को बेशक चैंपियन बनाया और 9 मैचों में 30.25 की औसत से 242 रन बनाए। फाइनल में भारतीय कप्‍तान बिना खाता खोले आउट हो गए थे।

सूर्या का बड़ा खुलासा

सूर्यकुमार यादव की ताजा घोषणा ने संन्‍यास की तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया है। सूर्या ने स्‍पष्‍टता बता दी है कि कैसे भारतीय टीम अगले दो साल में अपनी तैयारियों को अंजाम देगी। क्रिकबज के हवाले से सूर्या ने कहा, 'अगला लक्ष्‍य ओलंपिक्‍स है। ओलंपिक गोल्‍ड और उस साल टी20 वर्ल्‍ड कप। भूलना नहीं।'

बता दें कि अगस्‍त 2028 में ओलंपिक गेम्‍स लॉस एंजिलिस में होंगे। फिर ऑस्‍ट्रेलिया और न्‍यूजीलैंड की मेजबानी में टी20 वर्ल्‍ड कप का आयोजन होगा। बहरहाल, सूर्या ने टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 खिताब जीतने के बारे में अपनी राय व्‍यक्‍त की।

सूर्या का बयान

एहसास करने में थोड़ा समय लगेगा। अभी हम मैच खेलकर आएं हैं। यह अच्‍छा मैच था। घर में खेल रहे थे। जब कल हम जागेंगे और घर लौटेंगे, तो मुझे नहीं पता कि हम कहां जाएंगे। मगर यह विशेष भावना है। 2024 टी20 वर्ल्‍ड कप के बाद जो कुछ भी हुआ, वो अविश्‍वसनीय है और मुझे नहीं पता कि इसे कैसे बयान करूं। यह शानदार यात्रा रही। हम जैसी शुरूआत चाहते थे, वैसी नहीं मिली। मगर यह खेल का हिस्‍सा है। टीम के रूप में हमने बड़ी उपलब्धि हासिल की और आपके सामने खड़े हैं।

-

सूर्यकुमार यादव, भारतीय टी20 कप्‍तान

भारत तीसरी बार बना चैंपियन

बता दें कि भारतीय टीम ने तीसरी बार टी20 वर्ल्‍ड कप खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। भारत सबसे ज्‍यादा टी20 वर्ल्‍ड कप जीतने वाला देश बना। भारत टी20 वर्ल्‍ड कप खिताब जीतने वाला पहला मेजबान देश बना। भारत लगातार दो बार टी20 वर्ल्‍ड कप खिताब जीतने वाला देश बना। भारत ने पहली बार टी20 वर्ल्‍ड कप इतिहास में न्‍यूजीलैंड को पटखनी दी।

याद दिला दें कि अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्‍टेडियम में भारत ने पहले बल्‍लेबाजी करके 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए। जवाब में न्‍यूजीलैंड की टीम 19 ओवर में 159 रन पर ऑलआउट हो गई। सूर्या अब भारत के विश्‍व विजेता कप्‍तानों की श्रेणी में शामिल हुए।

यह भी पढ़ें: T20 World Cup 2026: संजू सैमसन के अलावा किस खिलाड़ी को मिला कौन-सा अवॉर्ड? पूरी लिस्‍ट में भारतीयों का रहा दबदबा

यह भी पढ़ें: भारत के टी20 वर्ल्‍ड कप चैंपियन बनने पर आगबबूला हुए Mohammad Amir, कहा- 'मेरे घर नहीं लाएंगे ट्रॉफी