रोहित की पारी से प्रभावित हुए गावस्कर, बोले- मुंबई इंडियंस की कप्तानी ने उन्हें बदल दिया
द ओवल में रोहित शर्मा की पारी से प्रभावित महान क्रिकेटर सुनील गावस्कर का मानना है कि आइपीएल फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस (MI) की कप्तानी ने दाएं हाथ के बल्लेबाज को बदल दिया है। वो आज जो कुछ भी हैं इसी कारण से हैं।
नई दिल्ली, आइएएनएस। द ओवल में रोहित शर्मा की पारी से प्रभावित महान क्रिकेटर सुनील गावस्कर का मानना है कि आइपीएल फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस (MI) की कप्तानी ने दाएं हाथ के बल्लेबाज को बदल दिया है। वो आज जो कुछ भी हैं इसी कारण से हैं। बता दें कि रोहित ने इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट की दूसरी पारी में शतक लगाया। यह टेस्ट क्रिकेट में विदेशी धरती पर उनका पहला शतक था। विराट कोहली की अगुवाई वाली टीम ने तीसरे दिन के अंत तक 270/3 बना लिए थे। टीम के पास 171 रनों की बढ़त है।
रोहित की पारी से प्रभावित गावस्कर ने कहा, 'मुंबई इंडियंस की कप्तानी ने रोहित शर्मा को उस खिलाड़ी में बदल दिया है जो वह आज हैं। रिकी पोंटिंग ने 2013 में रोहित को मुंबई इंडियंस की कप्तानी सौंपी थी, जब पूर्व आस्ट्रेलियाई कप्तान ने सत्र के बीच में ही कप्तानी छोड़ दी थी। आइपीएल के सबसे सफल कप्तान रोहित ने मुंबई की इस टीम को पांच खिताब दिलाए हैं।'
सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के अनुसार गावस्कर ने रोहित की तारीफ करते हुए आगे कहा, ' अविश्वसनीय पारी। उन्होंने बहुत-बहुत प्रभावित किया। उन्होंने नई गेंद की स्विंग काफी अच्छे से कवर की। सिर्फ इस पारी में नहीं, बल्कि पहले के मैचों में भी यह देखने को मिला। यह नहीं वह बहुत देर से खेल रहे हैं और उनके बल्ला और पैड एक-दूसरे के करीब रह रहे हैं।'
रोहित शर्मा इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा टेस्ट सीरीज में अपने पहले शतक के लिए परेशान थे। लार्डस टेस्ट की पहली पारी में जब वह 83 रन पर खेल रहे थे तो सभी को उनसे शतक की आस थी, लेकिन वह ऐसा नहीं कर पाए। मौजूदा सीरीज में रोहित पहले टेस्ट में 36 और 12*, दूसरे टेस्ट में 83 और 21, तीसरे टेस्ट में 19 और 59 रनों की पारी खेल चुके हैं। ओवल में चल रहे चौथे टेस्ट में उन्होंने मोइन अली की गेंद पर छक्का जड़कर शतक पूरा करके भारत को फिलहाल हार के मुंह से बचाकर बड़ी बढ़त की ओर अग्रसर कर दिया है।