मुंबई इंडियंस को छोड़ CSK में शामिल होंगे हार्दिक पांड्या! इन दो खिलाड़ियों के साथ हो सकता है ट्रेड
हार्दिक पांड्या की कप्तानी पर अगले सीजन में खतरा मंडरा रहा है। उन्हें कप्तानी से हटाया जा सकता है। ऐसे ...और पढ़ें

हार्दिक पांड्या

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के खराब प्रदर्शन के बाद हार्दिक पांड्या से कप्तानी छीनने की खबरें सामने आ रही हैं। ऐसा कहा जा रहा है कि पांड्या को कप्तानी से हटाया जा सकता है और वे टीम भी छोड़ सकते हैं। इस बीच पूर्व भारतीय बल्लेबाज सुब्रमण्यम बद्रीनाथ ने बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि चेन्नई सुपर किंग्स को मुंबई से हार्दिक को ट्रेड कर लेना चाहिए।
हार्दिक मुंबई को छोड़ने वाले हैं या उनको कप्तानी से हटाया जा रहा है, इसको लेकर कोई भी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, तमाम मीडिया रिपोर्ट्स की मानें, तो पांड्या की कप्तानी पर खतरा है और वे मुंबई छोड़ने पर विचार कर रहे हैं। हार्दिक को लेकर क्या फैसला किया जाता है, आने वाले समय में इसकी पुष्टि हो जाएगी। इससे पहले बद्रीनाथ ने बड़ा बयान दिया है।
सुब्रमण्यम बद्रीनाथ ने दिया बड़ा बयान
बद्रीनाथ ने अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए कहा, "अगर मैं मुंबई के साथ होता तो, हार्दिक को शिवम दुबे और आयुष म्हात्रे के साथ ट्रेड कर लेता। संजू सैमसन, ऋतुराज गायकवाड़ और हार्दिक पांड्या की तिकड़ी सीएसके को अलग मुकाम पर ले जाएगी। ऐसा जरूरी नहीं है कि संजू सैमसन को ही टीम का कप्तान बनाया जाना चाहिए। अगर हार्दिक कप्तानी की मांग करते हैं, तो मैं उन्हें सीएसके का कप्तान बना दूंगा। एमएस धोनी के साथ भी उनके अच्छे संबंध हैं।"
पूर्व भारतीय खिलाड़ी ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा, "हार्दिक के पास अभी भी इतनी क्षमता है कि वे तीन बेहतरीन सीजन खेल सकते हैं। वो सीएसके को बेहतरीन संतुलन प्रदान करेंगे। टीम उनके इर्द-गिर्द बनाई जा सकती है। हार्दिक के लिए भी किसी अन्य फ्रेंचाइजी में जाने के मुकाबले सीएसके में जाना अच्छा होगा। चेन्नई उनकी छवि को एक अलग ही स्तर पर पहुंचा सकती है।"
मुंबई का खराब प्रदर्शन
आईपीएल 2026 में मुंबई का खराब प्रदर्शन देखने को मिला। टीम ने 14 मुकाबले खेले और 4 मैचों में जीत मिली। टीम कागजों पर काफी मजबूत दिखाई दे रही थी लेकिन मैदान पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी। पांड्या 2024 में टीम के कप्तान बने थे और इन तीन सालों में एमआई खिताब जीतने में कामयाब नहीं हुई, जिसकी वजह से उनकी कप्तानी पर खतरा मंडरा रहा है।
