भारतीय टेस्ट टीम में चयन के बाद शुभमन गिल ने दी अपनी प्रतिक्रिया, कही ये बातें
शुभमन गिल ने कहा है कि देश के लिए खेलना उनके लिए गर्व की बात है।
नई दिल्ली, जेएनएन। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किए गए सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने कहा है कि देश के लिए खेलना उनके लिए गर्व की बात है।
गिल ने ट्विटर पर लिखा, 'यह जर्सी नीली हो या सफेद। अपने देश का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए हमेशा सम्मान की बात होती है।' गिल को लगातार अच्छे प्रदर्शन का इनाम मिला है। गिल इस समय तिरुअनंतपुरम में हैं, जहां उन्होंने कप्तान रहते भारत-ए को दक्षिण अफ्रीका-ए के खिलाफ पहले अनाधिकारिक टेस्ट मैच में जीत दिलाई। इस मैच की पहली पारी में गिल ने 90 रन बनाए थे। गिल ने वेस्टइंडीज-ए के खिलाफ भी बेहतरीन पारी खेल दोहरा शतक जड़ा था। गिल ने 248 गेंद का सामना कर 204 रन बनाए थे। गिल ने 14 प्रथम श्रेणी मैचों में 1443 रन बनाए हैं जिनमें उनका औसत 72.15 रहा है।
Be it blue or white 🔵⚪
It's always an honour to represent my country 🇮🇳 pic.twitter.com/qfWMpwsMsw — Shubman Gill (@RealShubmanGill) September 12, 2019
इन दौरान उनका सर्वोच्च स्कोर 268 रहा। 2018-19 में वह रणजी ट्रॉफी में अपनी टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। उन्होंने 104 की औसत से 728 रन बनाए थे। गिल हालांकि भारत के लिए वनडे खेल चुके हैं। उन्होंने इस साल की शुरुआत में न्यूजीलैंड में वनडे पदार्पण किया था। अभी तक खेले दो वनडे मैचों में उन्होंने सिर्फ दो रन ही बनाए हैं।