सौरव गांगुली ने कहा- रिषभ पंत को महेंद्र सिंह धौनी बनने में 15 साल लगेंगे
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने पंत के बारे में कहा है कि उनको धौनी की तरह से बनने में कम से कम 15 साल लग जाएंगे।
कोलकाता, आईएएनएस। भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर रिषभ पंत इन दिनों खराब दौर से गुजर रहे हैं। कप्तान विराट कोहली और कोच रवि शास्त्री उनको लगातार मौका दे रहे हैं जिसकी हर तरफ आलोचना होती है। विराट ने वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले जाने वाले पहले टी20 मुकाबले से पहले ही कहा था कि पंत की तुलना पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से नहीं की जानी चाहिए।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने पंत के बारे में कहा है कि उनको धौनी की तरह से बनने में कम से कम 15 साल लग जाएंगे। धौनी ने जो भी हासिल किया उसे हासिल करने के लिए इस युवा विकेटकीपर को अभी दशकों का वक्त लगेगा।
गांगुली ने पंत का समर्थन किया है और कहा कि उनको अपनी आलोचना से सीखना चाहिए। पंत के मैदान पर कोई गलती करने पर उनके खिलाफ धौनी, धौनी के नारे लगाए जाते हैं। गांगुली ने इस बारे में कहा, "यह उनके लिए ही अच्छा है। उनको अब इस बात को लेकर आदत डाल लेनी चाहिए। उन्हें यह सारी चीजें सुननी चाहिए और इससे ही सफलता की राह निकालनी चाहिए। वह दबाव में होंगे और उनको इस दबाव से गुजरने देना चाहिए और इससे बाहर निकलने का उपाय भी खुद ही निकालने देना चाहिए।"
पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा कि धौनी ने भारतीय क्रिकेट के लिए किया है उसके लिए शुक्रिया कहना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि धौनी की तरह बनने में अभी पंत को 15 साल लगेंगे। उन्होंने कहा, "जो एमएस ने किया है BCCI उसके लिए जितना भी धन्यवाद करेगी कम ही होगा। हम विराट कोहली और चयनकर्ता से बात कर रहे हैं कि क्या है यह। जब इसका (धौनी के भविष्य) वक्त आएगा तो हम इसके बारे में बात करेंगे। आपको हर दिन महेंद्र सिंह धौनी जैसे खिलाड़ी नहीं मिलते हैं। एमएस ने जो हासिल किया है उसे हासिल करने में पंत को कम से कम 15 साल का वक्त लगेगा।"