गांगुली ने जन्मदिन पर खोला हैरान करने वाला राज, 'बचपन में देखा था 'भूत', जानिए क्या हुआ हाल
टीम इंडिया के सफलतम कप्तानों में शुमार सौरव ने अपने 48वें जन्मदिन पर बचपन की एक हैरान करने वाली घटना का जिक्र करते हुए भूत देखने का दावा किया।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। भारत के क्रिकेट इतिहास से सबसे आक्रामक कप्तानों में शुमार सौरव गांगुली जिन्होंने भारतीय क्रिकेट का चेहरा बदल दिया। सौरव ने ना सिर्फ भारत में बल्कि विदेश में भी विदेशी टीम पर हावी होकर खेलना और लगातार जीतना सिखाया। टीम इंडिया के सफलतम कप्तानों में शुमार सौरव ने अपने 48वें जन्मदिन पर बचपन की एक हैरान करने वाली घटना का जिक्र करते हुए 'भूत' देखने का दावा किया।
एक स्पोर्ट्स वेबसाइट को दिए इंटरव्यू में गांगुली ने कहा, "मैंने अपने घर में भूत देखा था। उस वक्त मैं 12-13 साल का था। हमारे घर में एक लड़का काम करता था। रविवार की शाम थी। मैं ऊपर के कमरे में अपने परिवार के साथ था। मुझे उस लड़के के पास जाकर चाय बनाने के लिए बोलकर आने को कहा गया।"
"मैं रसोई में गया तो वह वहां नहीं था। घरवालों ने मुझे छत पर देखकर आने को कहा। वह छत पर भी नहीं दिखा। पास में कुछ झोपड़िया बनी हुई थीं। मैं वहां गया तो देखा कि वह छत की बाउंड्री वॉल पर दौड़ रहा था। हमारा छह मंजिला मकान है। वह अगर वहां से गिर जाता तो मर जाता। मैंने चिल्लाकर उसे उतरने को कहा लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।"
"मैं नीचे भागा और अंकल को बताया कि वह लड़का पागल हो गया है। हम सब ऊपर की ओर भागे लेकिन वह नहीं दिखा। मुझे लगा कि वह छत से गिरकर मर गया है। हम उसे ढूंढने लगे। हमारे मकान के पास नारियल के बहुत से पेड़ हैं। वह उनमें से एक पेड़ की पत्तियों पर पडा़ हुआ था।"
"हमने उसे उतरने को कहा तो वह नहीं माना। इसके बाद फायर ब्रिगेड वालों को बुलाकर उसे उतारकर अस्पताल ले जाया गया। अगले दिन भी हॉलीडे था। शाम के पांच बजे वह लड़का हमारे घर आया। हम उससे दूर भागने लगे तो उसने बताया कि उसकी मां निश्चित दिनों में उसके शरीर में आती है।"
सौरभ ने कहा, "इस तरह से मैं कह सकता हूं कि मैंने भूत देखा है।"
हालांकि यह पहला मौका नहीं है, जब सौरव ने इस तरह की बात कही है। इससे पहले भी वे पारलौकिक शक्तियों का अहसास होने की बात कह चुके हैं। उन्होंने अपने खेल के दिनों में इंग्लैंड दौरे में वहां के एक होटल में अपने साथ अजीबोगरीब घटना होने का जिक्र किया था सौरव ने बताया था कि उनके कमरे के बाथरूम का नल अपने से बार-बार खुल जा रहा था। दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर शेन वाटसन भी इंग्लैंड के एक होटल में भूत देखने का दावा कर चुके हैं।