विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'वो जानता था कि हमें उसकी जरूरत है', रुतुराज गायकवाड़ ने मुकेश चौधरी को समर्पित की CSK की जीत

Published: Fri, 24 Apr 2026 10:14 AM (IST)

चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स के कप्‍तान रुतुराज गायकवाड़ ने मुंबई इंडियंस पर मिली 103 रन की जीत अपने तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी ...और पढ़ें

मुकेश की मां का हाल ही में निधन हुआ था (Pic Credit- CSK X)

मुकेश की मां का हाल ही में निधन हुआ था (Pic Credit- CSK X)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स के कप्‍तान रुतुराज गायकवाड़ ने गुरुवार को मुंबई इंडियंस पर मिली 103 रन की जीत अपने तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी को समर्पित की। मुकेश की मां का हाल ही में निधन हुआ था। मुकेश अपनी मां के अंतिम संस्‍कार में शामिल होने के बाद दोबारा स्‍क्‍वाड से जुड़े और मुंबई के खिलाफ मुकाबला खेला।

मुकेश चौधरी ने मां के जाने के गम को दिल में समेटकर सीएसके के लिए मैच खेला और क्विंटन डी कॉक का महत्‍वपूर्ण विकेट भी लिया। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने मुंबई के खिलाफ 4 ओवर में 31 रन देकर एक विकेट लिया। सीएसके के खिलाड़‍ियों ने अपनी बांह पर काली पट्टी बांधकर मुकेश चौधरी की मां को श्रद्धांजलि दी।

मुकेश को सलाम है

मुश्किल परिस्थिति होने के बावजूद मुकेश को टीम के लिए खेलता देख गायकवाड़ गदगद हो गए। मैच के बाद सीएसके के कप्‍तान ने कहा, 'मुकेश के लिए बहुत मुश्किल था। उन्‍हें सलाम है। इस परिस्थिति में आकर खेलना, मानसिक रूप से काफी मजबूती मांगता है। वो टीम के लिए लौटे, फ्रेंचाइजी के लिए वापसी की क्‍योंकि वो जानते थे कि हमें उनकी जरूरत है। यह जीत उन्‍हें समर्पित है। हम सभी उनके लिए वहां रहना चाहते थे और उनके लिए सब साथ थे।'

हमारी शुरूआत हुई

सीएसके के कप्‍तान ने मुंबई पर रन के अंतर से मिली सबसे बड़ी जीत का श्रेय पूरी टीम को दिया। गायकवाड़ ने कहा कि टॉस के समय तक वो तय नहीं कर पाए थे कि पहले गेंदबाजी करनी है या फिर बल्‍लेबाजी।

रुतुराज गायकवाड़ ने कहा, 'जीतकर अच्‍छा महसूस हो रहा है। टॉस के समय मैं उलझन में था। मेरे अंदर से आवाज आई कि हमें पहले बल्‍लेबाजी करनी चाहिए क्‍योंकि पिच पर थोड़ी घास थी और कुछ हिस्‍सा सूखा भी था। हमें पहले कुछ ओवरों में स्थिति का परीक्षण करना पड़ा। संजू और मुझे लगा कि बल्‍ले पर गेंद अच्‍छी तरह नहीं आ रही है तो 200 रन के आस-पास का स्‍कोर अच्‍छा होगा।'

संजू और स्पिनर्स का कमाल

सीएसके की ओपनिंग जोड़ी का परीक्षण एकदम सटीक रहा। संजू सैमसन (101*) के शतक के दम पर सीएसके ने 207/6 का स्‍कोर बनाया। गायकवाड़ ने कहा, 'संजू ने बेहतरीन पारी खेली। वो शानदार फॉर्म में हैं। हर किसी ने योगदान दिया। बल्‍लेबाजों के 20 रन बनाने से भी मदद मिली।'

कप्‍तान ने अपने गेंदबाजों की भी तारीफ की और कहा, 'इसके बाद अकील और नूर ने शानदार गेंदबाजी की। पिछले मैचों की तुलना में हमारी गेंदबाजी में सुधार हुआ है। मेरा मानना है कि बस हमारी शुरूआत हुई है।' बता दें कि सीएसके के गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के सामने मुंबई की टीम 19 ओवर में 104 रन पर ढेर हो गई।

यह भी पढ़ें- MI की CSK के खिलाफ सबसे बड़ी हार से झल्‍लाए कप्‍तान हार्दिक पांड्या, बल्‍लेबाजों को जमकर लगाई लताड़

यह भी पढ़ें- MI vs CSK Highlights: चेन्नई के खिलाफ धराशायी हुए मुंबई के धुरंधर, सीएसके ने बुरी तरह से रौंदा