रिषभ पंत भविष्य में टीम इंडिया के कप्तान बन सकते हैं, पूर्व भारतीय दिग्गज ने किया दावा
रिषभ पंत को दिल्ली टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई जबकि टीम में आर अश्विन शिखर धवन स्टीव स्मिथ व अजिंक्य रहाणे जैसे खिलाड़ी मौजूद थे जो कप्तानी कर सकते थे। ऐसे में पता चलता है कि उनमें कितनी क्षमता है।
नई दिल्ली, एएनआइ। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजरुद्दीन का मानना है कि, युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज रिषभ पंत भविष्य में टीम इंडिया के कप्तान बन सकते हैं। अजहर का कहना है कि, इसमें कोई आश्चर्य नहीं है कि, रिषभ पंत को भारतीय सेलेक्टर्स टीम इंडिया के कप्तान के तौर पर देख सकते हैं। दिल्ली कैपिटल्स ने रिषभ पंत को मंगलवार को ही टीम का कप्तान नियुक्त किया था। अब आइपीएल के 14वें सीजन में पंत दिल्ली की टीम को लीड करते हुए नजर आएंगे।
हाल ही में दिल्ली की टीम के नियमित कप्तान श्रेयस अय्यर इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान चोटिल हो गए थे और वो इस आइपीएल सीजन से ही बाहर हो गए हैं। इसके बाद रिषभ पंत को दिल्ली टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई जबकि टीम में आर अश्विन, शिखर धवन, स्टीव स्मिथ व अजिंक्य रहाणे जैसे खिलाड़ी मौजूद थे जो कप्तानी कर सकते थे। भारत के लिए 334 वनडे और 99 टेस्ट मैच खेलने वाले अजहर ने कहा कि, उन्हें जरा भी आश्चर्य नहीं होगा अगर सेलेक्टर्स रिषभ पंत को निकट भविष्य में भारतीय कप्तान के तौर पर देखें।
अजहर ने ट्वीट करते हुए कहा था कि, रिषभ पंत के लिेए पिछले कुछ महीने काफी बेहतरीन गुजरे हैं। उन्होंने क्रिकेट के हर प्रारूप में खुद को स्थापित किया है। इसमें कोई आश्चर्य नहीं है कि, अगर उन्हें भविष्य में भारतीय कप्तान के तौर पर देखा जाए। रिषभ पंत के आक्रामक क्रिकेट से आने वाले वक्त में भारत को और फायदा मिलेगा। अजहर के अलावा दिल्ली के कोच रिकी पोंटिंग ने भी कहा था, कि दिल्ली का कप्तान बनने के बाद रिषभ पंत और बेहतर खिलाड़ी बनेंगे। पोंटिंग ने कहा था कि, पंत अपने हालिया प्रदर्शन के बाद दिल्ली का कप्तान बनना डिजर्व करते थे। आपको बता दें कि, आइपीएल 2021 में दिल्ली कैपिटल्स की टीम 10 अप्रैल को अपना पहला मैच मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलेगी।