कुमार संगकारा बोले- अनिल कुंबले ने मेरी नींद उड़ा दी थी, बताया क्यों होती थी जंबो को खेलने में दिक्कत
श्रीलंका के पूर्व कप्तान कुमार संगकारा ने कहा कि भारत के महान स्पिन गेंदबाज अनिल कुंबले ने उनकी रातों की नींद हराम कर दी थी। उन्होंने कहा कि जंबो की लंबाई ने उन्हें अनऑर्थोडाक्स लेग स्पिनर बना दिया था। उनके खिलाफ रन बनाना आसान नहीं था।
नई दिल्ली, आइएएनएस। श्रीलंका के पूर्व कप्तान कुमार संगकारा ने कहा कि भारत के महान स्पिन गेंदबाज अनिल कुंबले ने उनकी रातों की नींद हराम कर दी थी। उन्होंने कहा कि जंबो की लंबाई ने उन्हें अनऑर्थोडाक्स लेग स्पिनर बना दिया था। उनके खिलाफ रन बनाना आसान नहीं था। बाएं हाथ के इस पूर्व बल्लेबाज ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) द्वारा ट्वीट किए गए एक वीडियो में कही।
संगकारा ने वीडियो में कहा, ' कुंबले ने एक बल्लेबाज के रूप में मेरी रातों की नींद हराम कर दी था। वह ऑर्थोडॉक्स लेग स्पिनर नहीं थे। वह लंबे कद के गेंदबाज क्रीज के पास आकर हाई-आर्म एक्शन से गेंदबाजी करते थे। वह तेज,सीधी और सटीक गेंदबाजी करते थे। उनकी गेंद पर रन बनाना बिल्कुल भी आसान नहीं था। उनकी गेंद बहुत उछाल लेती थी उनकी गेंद में काफी गति होती थी। अगर लेंथ पर कोई रफ होता था तो बल्लेबाज के पास उनसे पार पाने की संभावना काफी कम होती थी। वे एक शानदार व्यक्ति हैं। बहुत जोशिले क्रिकेटर रहे हैं,लेकिन भारत और विश्व क्रिकेट के लिए एक शानदार चैंपियन हैं।'
बता दें कि अनिल कुंबले हाल ही में आइसीसी की हॉल ऑफ फेम में शामिल हुए हैं। इस मौके पर आइसीसी ने एक वीडियो शेयर किया। इसमें स्टीफन फ्लेमिंग, वसीम अकरम और कुमार संगकारा जैसे दिग्गज क्रिकेटरों ने क्रिकेट में कुंबले के प्रभाव पर बात की। कुंबले ने 18 साल के करियर में भारत के लिए 132 टेस्ट मैचों में 619 विकेट लिए। वह टेस्ट में टीम इंडिया के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज है। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ एक खास करनामा किया था। इस मैच में उन्होंने सभी 10 विकेट अपने नाम कर लिए थे। टेस्ट में उनके बेस्ट बॉलिंग फिगर 84 रन देकर 10 विकेट था। इसके अलावा उन्होंने 271 वनडे खेले और 337 विकेट अपने नाम किए। वनडे में भी भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। वह टीम इंडीय के कोच भी रहे हैं।