रोहित शर्मा ने बांग्लादेश के खिलाफ लगाए 6 छक्का, मैच के बाद बताया इसके पीछे का 'राज'
रोहित ने गुरुवार को राजकोट में 43 गेंद पर 85 रन की तूफानी पारी खेली इस दौरान बांग्लादेशी गेंदबाज मोसाद्देक हुसैन को तीन लगातार छक्के लगाए।
नई दिल्ली, आईएएनएस। भारतीय क्रिकेट टीम ने कप्तान रोहित शर्मा की आतिशी पारी के दम पर तीन मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले में बांग्लादेश को 8 विकेट से हराया। टीम इंडिया ने इस जीत के साथ ही सीरीज में1-1 की बराबरी कर ली। रोहित ने गुरुवार को राजकोट में 43 गेंद पर 85 रन की तूफानी पारी खेली इस दौरान बांग्लादेशी गेंदबाज मोसाद्देक हुसैन को तीन लगातार छक्के लगाए।
भारत ने राजकोट टी20 में बांग्लादेश के खिलाफ मैच जीतकर सीरीज में बराबरी की। इसमें कप्तान रोहित शर्मा की आतिशी पारी का अहम योगदान रहा। भारत ने पहले गेंदबाजी करते हुए बांग्लादेश को 153 रन पर रोका और उसके बाद महज 2 विकेट के नुकसान पर 15.4 ओवर में जीत का लक्ष्य हासिल कर लिया। रोहित ने 6 चौके और 6 छक्के जड़ते हुए 85 रन की तूफानी पारी खेली। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
रोहित ने बताया छक्कों का राज
मोसाद्देक हुसैन की गेंद पर रोहित शर्मा ने तीन लगातार छक्के जमाए। चौथी गेंद पर वह चूक गए वर्ना उनके पास एक ओवर में लगातार छह छक्के लगाने का रिकॉर्ड बनाने का मौका था। रोहित के नाम टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा 115 छक्के का रिकॉर्ड हैं। छक्का लगाने में माहिर रोहित ने इस बारे में उन्होंने चहल टीवी पर बात करते हुए कहा “लंबे छक्के लगाने के लिए आपको भारी भरकम शरीह का या मसल वाला होने की जरूरत नहीं है। बल्कि आप (चहल) भी छक्के लगा सकते हैं। छक्के मारने के लिए आपको सिर्फ ताकत की जरूरत नहीं होती बल्कि टाइमिंग की भी जरूरत पड़ती है। गेंद आपके बल्ले से बीच में लगनी चाहिए और आपका सिर बिल्कुल स्थिर होना चाहिए। ये कुछ चीजें हैं जो आपको छक्का लगाने के वक्त ध्यान देने की जरूरत होती है।“
रोहित के नाम टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्के
टी20 इंटरनेशनल में रोहित शर्मा छक्कों का शतक जमा चुके हैं। उन्होंने 100 मैच में कुल 115 छक्के लगाए हैं। इस मामले में वह नंबर वन हैं उनसे आगे कोई भी बल्लेबाज नहीं है। वेस्टइंडीज के क्रिस गेल और न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल ने 105-105 छक्के लगाए हैं।