रजिंदर गोयल के निधन पर BCCI बॉस गांगुली बोले- हमने घरेलू क्रिकेट का एक दिग्गज खो दिया
रजिंदर गोयल के निधन पर बीसीसीआ1इ के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कहा है कि क्रिकेट समुदाय ने घरेलू क्रिकेट के एक दिग्गज को खो दिया।
नई दिल्ली, पीटीआइ। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआइ के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने भी घरेलू क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी रजिंदर गोयल के निधन पर शोक व्यक्त किया है। फैंस की तरह गांगुली भी उनके निधन से शोक संतप्त हैं। गांगुली ने कहा है कि क्रिकेट समुदाय ने भारतीय घरेलू क्रिकेट के एक महान खिलाड़ी को खो दिया है। रजिंदर गोयल का निधन रविवार 22 जून को 77 साल की उम्र में हुआ है।
सौरव गांगुली ने सचिव जय शाह और कोषाध्यक्ष अरुण धूमल के साथ मिलकर पटियाल, साउथर्न पंजाब, दिल्ली और हरियाणा के लिए खेलने वाले पूर्व दिग्गज लेग स्पिनर के निधन पर शोक व्यक्त किया है। गांगुली ने कहा है, "भारतीय क्रिकेट समुदाय ने आज घरेलू क्रिकेट के एक बड़े महान खिलाड़ी को खो दिया है। उनका चौंका देने वाला रिकॉर्ड आपको उनके शिल्प और उस पर नियंत्रण के बारे में बताता है।"
पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा है, "एक करियर जो 25 से ज्यादा सालों तक रहा है, अभी भी खेल के प्रति उनके समर्पण और प्रतिबद्धता के बारे में लगातार गवाई दे रहा है। 750 विकेट लेने में सक्षम होने के लिए सालों-साल मेहनत की जरूरत होती है। मैं उनके प्रयासों को सलाम करता हूं। मैं उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।" हैरान करने वाली बात ये है कि उनको कभी भारतीय टीम में नहीं चुना गया था।
बीसीसीआइ के सचिव जय शाह ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनके लंबे करियर के बारे में बात की। उन्होंने कहा, "उनकी लंबी उम्र के कारण आने वाले क्रिकेटरों को मैदान में उतरने और हर बार सुधार करने के लिए प्रेरित होना चाहिए। बीसीसीआइ ने उन्हें 2017 में कर्नल सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया था।" बता दें कि सुनील गावस्कर अक्सर उनकी तारीफ किया करते थे और कहा था कि किस्मत के कारण उनको देश के लिए खेलने का मौका नहीं मिला।