चेतेश्वर पुजारा ने भी पीएम केयर्स फंड में दिया डोनेशन, राशि के बारे में नहीं दी जानकारी
Pujara gave donation to fight with Covid19 पुजारा ने अपने परिवार के साथ कोरोना से लड़ाई में डोनेशन दिया।
नई दिल्ली, जेएनएन। नोवल कोरोना वायरस पूरी दुनिया में फैली हुई है और इस महामारी की वजह से इस वक्त पूरी दुनिया में कुछ भी अच्छा नहीं हो रहा है। इस वायइस की वजह से दुनिया में 13 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं जबकि 75 हजार से ज्यादा लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। भारत में भी ये वायरस तेजी से अपना पांव पसार रहा है और 4500 से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं जबकि जान गंवाने वाले लोगों की तादाद 100 को पार कर चुकी है।
कोविड 19 महामारी के खिलाफ भारत की जंग जारी है और फिलहाल यहां पर 21 दिनों का लॉकडाउन चल रहा है। भारतीय क्रिकेटर्स इस लड़ाई में आगे आ रहे हैं और चेतेश्वर पुजारा भी इसमें शामिल हो गए हैं। उन्होंने भी पीएम केयर्स फंड और गुजरात सीएम रीलिफ फंड में डोनेशन दिया है। हालांकि उन्होंने कितनी राशि डोनेट की है इसका पता नहीं चल पाया है।
पुजारा ने इस महामारी के खिलाफ फंटलाइन पर खड़े डॉक्टर्स, पुलिस और अन्य वैसे लोगों का आभार व्यक्त किया है जो इस विषम हालात में भी डटे हुए हैं। पुजारा ने अपने डोनेशन की जानकारी ट्वीट करके दी। उन्होंने राशि के बारे में नहीं बताया, लेकिन उन्होंने लिखा कि मैं और मेरा परिवार अपनी तरफ से देशवासियों की मदद के लिए सहयोग कर रहे हैं। इसके अलावा उन्होँने अन्य लोगों के भी मदद की अपील की।
🙏🏻🙏🏻🙏🏻 @narendramodi @vijayrupanibjp pic.twitter.com/Gltna753Dx— cheteshwar pujara (@cheteshwar1) April 7, 2020
चेतेश्वर पुजारा से पहले कई भारतीय क्रिकेटर्स ने इसमें अपना सहयोग किया है जिसमें विराट कोहली, सुरेश रैना, युवराज सिंह, सुनील गावस्कर, सौरव गांगुली जैसे लोग शामिल हैं। इनके अलावा खेल की दुनिया से जुड़े अन्य व्यक्ति जैसे बजरंग पूनिया, साइना नेहवाल, पीवी सिंधू ने भी पीएम केयर्स फंड में दान दिया है। पुजारा के अलावा जयदेव उनादकट ने भी कोरोना से लड़ाई में डोनेट किया है।