'पापा चाहते थे डॉक्टर बनूं, भारतीय ऑलराउंडर ने जताया विश्वास', Auqib Nabi ने किया खुलासा
दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज आकिब नबी ने अपनी सफलता का श्रेय पूर्व भारतीय ऑलराउंडर को दिया।

आकिब नबी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज आकिब नबी ने अपनी सफलता का श्रेय पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान को दिया। जिओस्टार से बातचीत में नबी ने कहा कि 2018 में पठान ने उन्हें नसीहत दी और जम्मू-कश्मीर की सीनियर टीम के लिए डेब्यू करने में मदद की।
अपनी क्रिकेट यात्रा के बारे में बातचीत करते हुए नबी ने खुलासा किया कि बचपन में उन्हें परिवार से ज्यादा मदद नहीं थी और उनके पिता उन्हें डॉक्टर बनाना चाहते थे। नबी ने कहा कि वो डेल स्टेन को टीवी पर देखकर तेज गेंदबाजी करने के लिए प्रभावित हुए। नबी ने बताया कि उन्होंने एक दिन भारत के लिए खेलने का सपना देखा था।
नबी ने क्या कहा
जब मैं युवा था, तो डेल स्टेन को काफी देखता था। जिस तरह वो तेज गति से गेंद को स्विंग कराते थे, उसने मुझे तेज गेंदबाज बनने के लिए प्रेरित किया और उम्मीद है कि एक दिन भारत के लिए खेलूं। मुझे लगातार क्रिकेट खेलने के लिए पिता से डांट पड़ती थी और उनका समर्थन प्राप्त नहीं था। वो चाहते थे कि मैं डॉक्टर बनूं।
आकिब नबी
इरफान पठान को दिया श्रेय
29 साल के आकिब नबी के करियर ने तब करवट ली जब इरफान पठान राज्य टीम के साथ मेंटर के रूप में जुड़े। नबी ने बताया कि पठान ने उनके करियर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
'जब इरफान भाई जम्मू-कश्मीर से मेंटर के रूप में जुड़े तब मैं अंडर-23 टीम में था और मेरे प्रदर्शन ने उनका ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर सीनियर टीम में मेरे डेब्यू करने में मदद की। वो मुझे काफी सलाह देते थे। उनकी टिप्स मेरे लिए काफी मददगार रही।'
आईपीएल में डेब्यू का इंतजार
याद दिला दें कि दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2026 के लिए नीलामी में आकिब नबी को 8.4 करोड़ रुपये में खरीदा था। दिल्ली ने अपना पहला मैच लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ खेला, जिसमें नबी को मौका नहीं दिया। आकिब नबी को उम्मीद है कि अगले कुछ मैचों के अंदर उन्हें डेब्यू का मौका मिलेगा।
