RSS Meet Raipur: गांवों से लेकर शहरों की बस्तियों तक अगले तीन वर्षों में पहुंचेगा आरएसएस
RSS Meet Raipur राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपनी विभिन्न गतिविधियों को विस्तार देते हुए अगले तीन वर्षों में अंदरूनी गांवों की गलियों से लेकर शहर की बस्तियों तक पहुंचेगा। संघ की अखिल भारतीय समन्वय बैठक में दूसरे दिन संघ की छह गतिविधियों पर मंथन किया गया।
रायपुर, जेएनएन। RSS Meet Raipur: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की अखिल भारतीय समन्वय बैठक में दूसरे दिन रविवार को छत्तीसगढ़ के रायपुर (Raipur) में संघ की छह गतिविधियों सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, ग्राम विकास, गोसेवा, धर्म जागरण और पर्यावरण पर मंथन किया गया। संघ अपनी विभिन्न गतिविधियों को विस्तार देते हुए अगले तीन वर्षों में अंदरूनी गांवों की गलियों से लेकर शहर की बस्तियों तक पहुंचेगा।
संघ की अखिल भारतीय समन्वय बैठक के दूसरे दिन समाज, धर्म और पर्यावरण पर मंथन
बैठक में संघ के अध्यक्ष व सरसंघचालक मोहन भागवत (Mohan Bhagwat) और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले के नेतृत्व में संघ के 36 अनुषांगिक संगठनों के प्रमुख अखिल भारतीय पदाधिकारी शामिल हैं। राजधानी के श्री जैनम भवन में चल रही इस बैठक में जीवन के विविधक्षेत्रों में काम कर रहे संगठनों के प्रमुख प्रतिनिधियों ने अपने-अपने प्रस्तावों को रखा। बैठक में संघ ने ग्राम विकास के तहत अपने शताब्दी वर्ष 2025 तक ग्रामीण स्तर पर विकास व कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से संघ की गतिविधियों को अधिक मजबूत करने पर जोर दिया।
संघ की अनुषांगिक संगठनों ने गतिविधियां बढ़ाने का रखा प्रस्ताव
संघ ने देश के सभी राज्यों में पंचायत स्तर से लेकर नगर पंचायत, नगरों, महानगरों और प्रांत स्तर पर अपने कामों को पहुंचाने की कार्ययोजना बनाई। बैठक में अधिक से अधिक स्वयंसेवकों को जोड़ने और शाखाओं के विस्तार पर चर्चा हुई। सामाजिक समरसता पर जोर बैठक में समाज में हाशिये पर खड़े वंचित समुदाय से लेकर अगली पंक्ति में खड़े लोगों को समान रूप से अधिकार मिले, इसे लेकर रणनीति बनाई गई। स्वयंसेवक मानते हैं कि कुटुंब प्रबोधन (परिवारिक जागरण) के बिना सामाजिक एकता संभव नहीं है। आज के सामाजिक परिदृश्य में कई परिवारों में ऐसी स्थिति देखने को मिलती है कि किसी के पास किसी के लिए समय नहीं है। कोरोनाकाल में शारीरिक दूरी के बजाय सामाजिक दूरी बनती दिखी। इस पर भी चिंता जताई गई।
पत्रकारवार्ता सोमवार को
संघ के सह सरकार्यवाह डा. मनमोहन वैद्य दोपहर 12:45 बजे पत्रकारवार्ता लेकर अखिल भारतीय समन्वय बैठक में हुई चर्चा की जानकारी देंगे।