रिंग रोड पर दो हादसे, चार किमी तक जाम
रिंग रोड-2 पर गुरुवार रात 2.30 बजे और शुक्रवार दोपहर 2.30 बजे सड़क हादसे हुए। इन हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो बच्चों सहित तीन घायल हो गए। पहली घटना सरोरा की है और दूसरी हीरापुर की। हीरापुर में हादसे के बाद लोग सड़क पर उतर आए और चार किमी तक लंबा जाम लग गया।
रायपुर। रिंग रोड-2 पर गुरुवार रात 2.30 बजे और शुक्रवार दोपहर 2.30 बजे सड़क हादसे हुए। इन हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो बच्चों सहित तीन घायल हो गए। पहली घटना सरोरा की है और दूसरी हीरापुर की। हीरापुर में हादसे के बाद लोग सड़क पर उतर आए और चार किमी तक लंबा जाम लग गया। उरला पुलिस के मुताबिक बिलासपुर निवासी दरबार सिंह दानू (48) और हेल्पर नवीन शर्मा मिनीडोर सीजी 10 ए 5744 से माल लेकर गुरुवार रायपुर आए थे। माल खाली कर देर रात वे बिलासपुर लौट रहे थे। वहीं भनपुरी की ओर से मंडला निवासी बंटू दास पनका ट्रक सीजी 04 जेसी 8287 से टाटीबंध की ओर आ रहा था।
रिंग रोड-2 सरोरा के पास दोनों गाड़ियों में भिड़ंत हो गई। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि मिनीडोर ट्रक में फंस गया। इससे पहले ट्रक चालक बंटू ट्रक से कूद गया और मिनीडोर का हेल्पर नवीन भी बाहर निकल गया था। लेकिन मिनीडोर चालक दरबार सिंह अंदर फंसा रह गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। गाड़ी को हटाने के लिए क्रेन बुलाई गई और केबिन को कटर से काटकर चालक दरबार सिंह का शव बाहर निकाला गया। पुलिस ने ट्रक चालक बंटू को हिरासत में ले लिया है। ट्रक उसी का है। वहीं नवीन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाल-बाल बचे भाई-बहन हीरापुर में एक तेज रफ्तार टैंकर ने दोपहिया को चपेट में ले लिया। दोपहिया पर सवार भाई-बहन दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया। हादसे से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने हंगामा करते हुए चक्का जाम कर दिया। पुलिस की समझाइश पर वे शांत हुए और रास्ते से हट गए। दुर्घटना की वजह से सड़क की दोनों ओर चार किलोमीटर तक जाम लग गया था, जिसे क्लियर करने में पुलिस को घंटेभर लग गया। आमानाका पुलिस के मुताबिक वीर सवारकर नगर निवासी मनदीप सिंह कौर (14) और कमलजीत सिंह (12) दोनों दोपहिया सीजी 04 एचके 5048 से वीर सावरकर नगर से अटारी की ओर जा रहे थे। वे हीरापुर चौक को जब क्रॉस कर रहे थे तभी तेज रफ्तार टैंकर सीजी 07 सी 1065 ने उन्हें चपेट में ले लिया। दोपहिया पर सवार भाई-बहन फेंका गए और दोपहिया टैंकर के नीचे आ गया।
पुलिस ने टैंकर चालक जरवाय निवासी जितेन्द्र साहू को हिरासत में ले लिया है। भाई-बहन कहां जा रहे थे, पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने बताया कि घायल बच्चों के पिता मेहताब सिंह ट्रक चलाते है। उन्हें घटना की सूचना दे दी गई थी। दोनों बच्चों खतरे से बाहर हैं। न ब्रेकर न स्टॉपर स्थानीय लोगों का कहना था कि हीरापुर में लगातार हादसे हो रहे हैं। कई लोगों की जान भी जा चुकी है। इसके बाद भी ब्रेकर बनना तो दूर स्टॉपर तक नहीं लगा है। स्टॉपर लगाने से गाड़ियों की रफ्तार में कम रहेगी। लोग आसानी से सड़क क्रॉस कर सकेंगे। नहीं पहने थे हेलमेट पुलिस ने बताया कि हीरापुर चौक में घायल हुए भाई-बहन दोनों ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था। दोनों सिर के बल जमीन पर गिरे थे। जबकि पुलिस लगातार लोगों से अपील कर रही है कि दोपहिया चालक गाड़ी चलाते समय हेलमेट पहनें। इसके बाद भी लोग हेलमेट नहीं लगा रहे हैं। नाबालिग के हाथों में गाड़ी हादसों के बाद भी पालक सचेत नहीं हो रहे हैं। छोटी उम्र में अपने बच्चों को गाड़ी दे रहे हैं। जो हादसों की वजह बन रही है। छोटी उम्र में बच्चे हैवी और हाई स्पीड बाइक दौड़ा रहे हैं। रफ्तार पर उनका नियंत्रण तक नहीं होता है।