छत्तीसगढ़ में हिड़मा पर बने गाने पर थिरके कांग्रेसी, भड़के भाजपाई
राजनांदगांव में गणेश विसर्जन झांकी में कांग्रेस महामंत्री देवेश वैष्णव के माओवादी हिड़मा पर बने गाने पर थिरकने से विवाद गहरा गया है।

छत्तीसगढ़ में हिड़मा पर बने गाने पर थिरके कांग्रेसी।
HighLights
गणेश विसर्जन झांकी में कांग्रेसी नेता देवेश वैष्णव थिरके।
माओवादी हिड़मा पर बने गाने 'मेरे जंगल की सेना' पर नृत्य।
भाजयुमो ने देवेश वैष्णव के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
डिजिटल डेस्क, राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में गणेश उत्सव की विसर्जन झांकी में माओवादी माड़वी हिड़मा के लिए बनाए गाने पर कांग्रेस के महामंत्री देवेश वैष्णव के थिरकने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। जिला भाजयुमो देवेश वैष्णव के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। मामला 26 सितंबर की रात का है।
बता दें कि हिड़मा माओवादियों का पोस्टर बॉय था। 18 नवंबर 2025 को आंध्र-छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे जंगल वाले इलाके (अल्लूरी सीताराम राजू जिला/मारेदुमिल्ली क्षेत्र) में सुरक्षा बलों के साथ हुई एक मुठभेड़ में वह मारा गया। सुरक्षा एजेंसियों और सरकार के लिए इसे माओवादी विरोधी अभियानों की एक बहुत बड़ी सफलता माना था।
गौरतलब है कि झांकी में हिड़मा के लिए बनाया गया गाना मेरे जंगल की सेना बजने लगा। इसी दौरान देवेश वैष्णव इस गाने पर थिरकते नजर आए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर बहुप्रसारित हो रहा है।
जिला भाजयुमो अध्यक्ष ने कहा कि माओवादी हिड़मा झीरम घाटी हत्याकांड का आरोपित रहा है, जिसमें तत्कालीन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार पटेल, पूर्व मंत्री विद्याचरण शुक्ल, पूर्व मंत्री महेंद्र कर्मा समेत 32 लोगों की मौत हुई थी। दूसरी ओर उन्हीं की पार्टी के नेता उसी हिड़मा का बखान करने वाले गाने पर नृत्य कर रहे हैं।
