विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

‘बच्चे को पेट से बांध कर भाग रहा था...,’ रायपुर पुलिस ने 280 किलोमीटर पीछा करने के बाद किडनैपर को दबोचा

Published: Fri, 25 Sep 2026 01:31 PM (IST)

रायपुर पुलिस ने महज 9 घंटे के भीतर अंतर्राज्यीय ऑपरेशन चलाकर महाराष्ट्र के नागपुर जिले से एक साल के मासूम बच्चे को सुरक्षित बचा लिया है।

रायपुर पुलिस ने नागपुर में किडनैपर को पकड़ा (एआई से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)

रायपुर पुलिस ने नागपुर में किडनैपर को पकड़ा (एआई से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)

डिजिटल डेस्क, रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां रायपुर पुलिस ने महज 9 घंटे के भीतर अतंर्राज्यीय ऑपरेशन चलाकर महाराष्ट्र के नागपुर जिले से एक साल के मासूम बच्चे को सुरक्षित बचा लिया है। आरोपी बच्चे को अपनी मां के साथ जबरन ले जाने के लिए ब्लैकमेल कर रहा था, जिसे पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर धर दबोचा।

बता दें कि यह पूरी घटना रविवार दोपहर करीब 2 बजे रायपुर के गुढ़ियारी इलाके में हुई। 23 वर्षीय आरोपी पवन साहू अचानक एक घर में घुस गया और वहां मौजूद महिला से उसकी तीखी बहस हुई। इसके बाद आरोपी ने महिला के एक साल के बच्चे को अपनी गोद में उठाया और जबरन वहां से फरार हो गया।

महिला पर दबाव बना रहा था आरोप

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी और महिला की पहले से पहचान थी। आरोपी महिला पर दबाव बना रहा था कि वह उसके साथ शहर छोड़कर चली जाए। जब महिला ने मना किया, तो उसने बच्चे को मोहरा बनाते हुए उसका अपहरण कर लिया।

शुरुआत में परिवार ने आसपास बच्चे की तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो शाम 4:15 बजे गुढ़ियारी थाने में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई गई। बच्चे की उम्र बहुत कम होने के कारण मामला बेहद संवेदनशील था। रायपुर पुलिस कमिश्नर ने तुरंत एक्शन लेते हुए तीन विशेष टीमों का गठन किया।

280 किलोमीटर तक किया पीछा

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस के लिए सबसे बड़ा चैलेंज आरोपी को पकड़ना था, क्योंकि वह लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। पुलिस ने जब इलाके के सीसीटीवी कैमरे खंगाले, तो आरोपी एक रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल पर बच्चे को लेकर भागता हुआ नजर आया।

इसके बाद कुम्हारी टोल प्लाजा के फुटेज से साफ हो गया कि आरोपी दोपहर 3:30 बजे ही महाराष्ट्र की तरफ निकल चुका था। पुलिस ने तुरंत एक 6 सदस्यीय पीछा टीम को सड़क मार्ग पर रवाना किया। खास बात यह रही कि बच्चे की तुरंत पहचान और उसे संभालने के लिए पुलिस अपने साथ बच्चे के माता-पिता को भी गाड़ी में बैठाकर साथ ले गई थी।

छाती से बच्चे को बांधकर भाग रहा था आरोपी

पुलिस जानकारी के अनुसार, हाईवे के कैमरों से एक डरावनी सच्चाई सामने आई। आरोपी पवन साहू ने तेज रफ्तार में बाइक चलाने के लिए मासूम बच्चे को एक कपड़े से अपनी छाती से बांध रखा था, ताकि वह रास्ते में गिरे नहीं। पुलिस लगातार टोल-दर-टोल डिजिटल सर्विलांस के जरिए उसकी लोकेशन ट्रैक कर रही थी।

इसके बाद जब यह साफ हो गया कि आरोपी महाराष्ट्र के अंदर घुस चुका है, तो रायपुर पुलिस ने तुरंत नागपुर पुलिस से संपर्क किया। रायपुर की टीम की तरफ से दिए जा रहे लाइव लोकेशन अपडेट के आधार पर नागपुर पुलिस ने रास्ते में कड़ा पहरा बिठा दिया।

और फिर, ऐसे पकड़ा गया आरोपी..

मिली जानकारी के अनुसार आखिरकार, रात करीब 11 बजे नागपुर के उमरेड इलाके में पुलिस ने आरोपी को चारों तरफ से घेर लिया। रायपुर और नागपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से आरोपी को तुरंत दबोच लिया गया और मासूम बच्चे को सुरक्षित उसकी मां की गोद में सौंप दिया गया। मौके पर मौजूद माता-पिता की आंखों में आंसू थे और उन्होंने पुलिस का दिल से आभार जताया।

अब समझिए क्या है पूरा मामला?

पुलिस ने बताया कि अगस्त के महीने में भी वह महिला इसी आरोपी के साथ नागपुर गई थी। तब पुलिस ने दखल देकर महिला को वापस रायपुर सुरक्षित ले आया था, क्योंकि महिला ने तब इसे अपनी मर्जी से जाना बताया था।

लेकिन इस बार आरोपी ने दोबारा उसे मजबूर करने के लिए इस घिनौनी हरकत को अंजाम दिया। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर उसकी मोटरसाइकिल जब्त कर ली है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।