छत्तीसगढ़: 20 लाख के कर्ज में डूबे मैकेनिक ने पत्नी और तीन बच्चों को जहर देकर लगाई फांसी
रायपुर में एक मैकेनिक ने 20 लाख रुपये के कर्ज से परेशान होकर अपनी पत्नी और तीन बच्चों को जहर ...और पढ़ें

HighLights
मैकेनिक ने पत्नी और तीन बच्चों को जहर देकर फांसी लगाई।
20 लाख रुपये के भारी कर्ज से था मानसिक तनाव में।
पुलिस बैंक लेनदेन और सूदखोरी के एंगल से कर रही जांच।
डिजिटल डेस्क, रायपुर। गुरुवार देर रात रायपुर के एक मैकेनिक ने पत्नी व तीन बच्चों को जहर देकर फांसी लगा ली। मैकेनिक पर 20 लाख रुपये का कर्ज होने की बात सामने आई है। मृतकों में बैटरी रिपेयरिंग मैकेनिक साजिद अली , उनकी पत्नी राबिया, 19 वर्षीय बेटा इरशाद अली, 17 वर्षीय बेटी शाहिदा और 16 वर्षीय बेटी इरशाबा बेगम शामिल हैं। बता दें कि गुरुवार शाम से घर बंद था।
शुक्रवार को बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब घर के अंदर घुसी तो कमरे में साजिद का शव फंदे पर लटका पाया गया, जबकि पत्नी और तीनों बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े थे। पुलिस मृतकों के मोबाइल फोन, बैंक लेनदेन और काल डिटेल की जांच और स्वजन से पूछताछ कर रही है। पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, साजिद पर करीब 20 लाख रुपये का कर्ज था, जो उसने बैंक और परिचितों से लिया था। आर्थिक तंगी और कर्ज की वसूली के दबाव से वह लंबे समय से मानसिक तनाव में था। कर्ज की किस्तों को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था।
आशंका है कि पारिवारिक विवाद के बाद साजिद ने पत्नी और बच्चों को जहर दिया और फिर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस सूदखोरी के एंगल से भी पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और एफएसएल की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।
