विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छत्तीसगढ़ में छात्रा आत्महत्या मामले में NSUI नेता गिरफ्तार, कांग्रेस से निलंबित

Published: Tue, 15 Sep 2026 04:19 AM (IST)

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में एक छात्रा की आत्महत्या के मामले में एनएसयूआई नेता ज्ञान तिवारी को गिरफ्तार किया गया है। ...और पढ़ें

छात्रा आत्महत्या मामले में एनएसयूआई नेता गिरफ्तार

छात्रा आत्महत्या मामले में एनएसयूआई नेता गिरफ्तार

HighLights

  1. एनएसयूआई नेता ज्ञान तिवारी अंबिकापुर में गिरफ्तार।

  2. छात्रा को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा।

  3. आरोपी को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित किया।

डिजिटल डेस्क, रायपुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर नगर में छात्रा की आत्महत्या के मामले में एनएसयूआई नेता ज्ञान तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपित के विरुद्ध मृतका को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तारी के बाद जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने ज्ञान तिवारी को संगठन के विभिन्न पदों के साथ कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से भी निलंबित कर दिया है।

बता दें कि शनिवार सुबह अंबिकापुर के पटपरिया क्षेत्र निवासी बीए प्रथम वर्ष की छात्रा अंतरा शाह (19) ने अपने घर के बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। वह अपनी बहन और जीजा के यहां रहकर पीजी कालेज में पढ़ाई कर रही थी।

अंतरा की मौत के बाद उसके जीजा नीलेश कुमार गुप्ता ने आरोप लगाया था कि एनएसयूआई नेता ने मोबाइल में कुछ चैट या वीडियो होने की बात कहकर उसे धमकाया था। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने गांधीनगर थाने का घेराव कर आरोपित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।

पूर्व उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव ने भी आरोपित पर कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। आरोपित की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपित और मृतका के मोबाइल से चैट डिलीट किए जा चुके हैं।

पुलिस अब डिलीट चैट को रिकवर करने का प्रयास कर रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है।