उत्तरी छत्तीसगढ़ शीतलहर की चपेट में
उत्तर से आने वाली हवा के असर से छत्तीसगढ़ के उत्तरी हिस्से में पहाड़ों पर बर्फ जमने के हालात पैदा हो गए हैं। अंबिकापुर के पास मैनपाट में पारा 2 डिग्री पर पहुंच गया। कवर्धा जिले के चिल्फी-रेंगाखार इलाके में भी कड़ाके की सर्दी शुरू हो गई है।
रायपुर। उत्तर से आने वाली हवा के असर से छत्तीसगढ़ के उत्तरी हिस्से में पहाड़ों पर बर्फ जमने के हालात पैदा हो गए हैं। अंबिकापुर के पास मैनपाट में पारा 2 डिग्री पर पहुंच गया। कवर्धा जिले के चिल्फी-रेंगाखार इलाके में भी कड़ाके की सर्दी शुरू हो गई है।
सरगुजा, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग के बड़े इलाके शीतलहर की चपेट में हैं। अगले दो दिन ठंड और बढ़ने के आसार हैं। उत्तर की सर्द हवाओं से पूरे प्रदेश में रात का तापमान तेजी से गिरा है। शनिवार को बिलासपुर, दुर्ग और सरगुजा संभाग में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी कम रहा। बस्तर संभाग के जगदलपुर में एक ही दिन में तापमान 6 डिग्री गिर गया। अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा। वहां तापमान 3 डिग्री है।
सरगुजा के मैनपाट-सामरी क्षेत्र में लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। बुधवार की रात मैनपाट का तापमान 11 डिग्री था। सिर्फ दो दिन में 10 डिग्री गिरकर 2 डिग्री पर पहुंचा है। दिन में भी जोरदार सर्दी ने परेशानी और पढ़ाई है। पहाड़ी इलाकों में दोपहर का तापमान भी 15-16 डिग्री के आसपास है। इस वजह से दिन में भी कंपकंपी छूट रही है।
चिल्फी के सरोधादादर और रेंगाखार इलाके भी कड़ाके की सर्दी की चपेट में है। वहां भी तापमान 4 डिग्री यानी हिमांक के आसपास है।
प्रदेश के मैदानी इलाकों यानी रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के बड़े हिस्से में शुक्रवार को शाम से शीतलहर जैसे हालात हैं। कई जगह रात का तापमान सामान्य से 4 डिग्री तक कम हो गया है। राजधानी रायपुर में न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। शनिवार और रविवार की रात ठंड और बढ़ने तथा तापमान 10 डिग्री के आसपास रहने के आसार हैं।